Edited By Punjab Kesari,Updated: 13 Dec, 2017 09:57 AM
डी.जी.पी. लॉ एंड आर्डर हरदीप सिंह ढिल्लों ने कहा है कि गर्मी, सर्दी व बरसात के मौसम में पंजाब पुलिस के जवानों द्वारा की जा रही ड्यूटी के चलते ही पंजाब में कानून व्यवस्था में सुधार आया है और शांति कायम हुई है। उन्होंने सम्मान समारोह में अपने विचार...
जालंधर (महेश): डी.जी.पी. लॉ एंड आर्डर हरदीप सिंह ढिल्लों ने कहा है कि गर्मी, सर्दी व बरसात के मौसम में पंजाब पुलिस के जवानों द्वारा की जा रही ड्यूटी के चलते ही पंजाब में कानून व्यवस्था में सुधार आया है और शांति कायम हुई है। उन्होंने सम्मान समारोह में अपने विचार व्यक्त करते हुए सम्मान लेने पहुंचे 6 जिलों के पुलिस कर्मियों को कहा कि उन्हें यह समझ कर काम करना चाहिए कि पब्लिक प्रापर्टी व सरकारी बिल्डिंगें अपनी हैं। उन्होंने कहा कि हाईटैक नाकों से वारदातों को अंजाम देकर दूसरे राज्यों में भागने वाले गुंडा तत्वों पर काफी हद तक नकेल कसी गई है।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि वे अपने पास काम करते पुलिस कर्मियों को अपने पारिवारिक सदस्यों की तरह देखें तो वे अपनी ड्यूटी को और ईमानदारी से कर पाएंगे तथा समाज विरोधी तत्वों को भी सिर उठाने का मौका नहीं मिल सकेगा। हरदीप सिंह ढिल्लों ने कहा कि पंजाब के रोड नैटवर्क पर लगे टोल प्लाजाओं पर होती मनमानियों को भी रोका गया है। उन्होंने कहा कि शरारती तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए गांवों के लिंक मार्गों पर भी हाईटैक नाका प्वाइंट बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। ढिल्लों ने कहा कि पंजाब पुलिस का मान ऊंचा करने वाले पुलिस कर्मियों का समय-समय पर सम्मान करने से उनका हौसला बढ़ता है।
कोई भी कर्मचारी मुझे मिल सकता है
डी.जी.पी. हरदीप सिंह ढिल्लों ने पुलिस कर्मियों से कहा कि वे उन्हें अपनी समस्या बाबत कभी भी चंडीगढ़ स्थित हैडक्वार्टर में आकर उनसे मिल सकते हैं। उन्होंने कहा कि वह हर समय उनके साथ खड़े हैं। वह उनकी समस्याओं को पहल के आधार पर हल करवाएंगे।
हाईटैक नाकों के अच्छे परिणाम सामने आए : अर्पित शुक्ला
आई.जी. जोन (इंस्पैक्टर जनरल) अर्पित शुक्ला ह्यने कहा है कि जालंधर जोन में 14 नाके स्थायी तौर पर लगाए गए हैं, जिनके अच्छे परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने सम्मान लेने वाले पुलिस कर्मियों को शुभकामनाएं दीं और उन्हें भविष्य में अपनी ड्यूटी ईमानदारी से निभाते रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आज के समारोह में शामिल हुए डी.जी.पी. हरदीप सिंह ढिल्लों का भी आभार जताया।