Edited By Punjab Kesari,Updated: 12 Sep, 2017 12:12 PM
भोगपुर के गांव बढ़चूई में करीब सवा साल पहले हुई डेरा संचालक की हत्या की गुत्थी जालंधर देहात पुलिस ने सुलझा ली है।
जालंधर (प्रीत) : भोगपुर के गांव बढ़चूई में करीब सवा साल पहले हुई डेरा संचालक की हत्या की गुत्थी जालंधर देहात पुलिस ने सुलझा ली है। डेरा संचालक बाबा प्रीतम सिंह की हत्या 3 लाख रुपए की सुपारी लेकर की गई थी। जालंधर देहात के एस.एस.पी. गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि 26 जून, 2016 को गांव बढ़चूई में डेरा बाबा बालक नाथ के संचालक प्रीतम सिंह की हत्यारों ने दिन दिहाड़े सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी और फरार हो गए थे।
आकोरी को किया गिरफ्तार
एस.एस.पी. ने बताया कि पुलिस टीम ने जांच के दौरान पुख्ता प्रमाण मिलने पर
वारदात में संलिप्त ओंकार सिंह उर्फ कारा पुत्र हरबंस सिंह वासी रहीमपुर, करतारपुर को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से पुलिस ने मोटरसाइकिल व तेजधार हथियार बरामद किए हैं। वारदात में संलिप्त 2 आरोपी विदेश जा चुके बताए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूछताछ में ओंकार ने खुलासा किया कि डेरा संचालक की हत्या उसने अपने साथी राजविन्द्र सिंह उर्फ राजा वासी रामगढ़, भुलत्थ के साथ मिलकर की थी। दोनों को बाबा की हत्या करने के लिए गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी पुत्र मंगत राम वासी कमराय, भुलत्थ ने 3 लाख रुपए की सुपारी दी थी।
महिलाओं पर काला जादू कर करता था यौन शोषण
आरोपी ने खुलासा किया कि बाबा प्रीतम सिंह डेरे में बेहद गलत काम करता था। श्रद्धा से डेरे पर आने वाली महिलाओं पर काला जादू कर उनका यौन शोषण करता था। बाबा की इस करतूत से वह बहुत आहत था। अपुष्ट सूचना के मुताबिक बाबा ने केस में नामजद आरोपियों की नजदीकी रिश्तेदार के साथ भी ऐसी करतूत की बताई गई है। एस.एस.पी. गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि ओंकार व राजविन्द्र ने गोपी की बात मान ली और बाबा की हत्या का सौदा 3 लाख में कर दिया। ओंकार व राजविन्द्र 26 जून, 2016 को दोपहर के समय डेरे में गए और वहां बाबा को गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गए।
वारदात के अगले ही दिन मिले 3 लाख रुपए
एस.एस.पी. ने बताया कि वारदात के पश्चात अगले ही दिन ओंकार, राजविन्द्र दोनों गोपी से मिले। दोनों ने गोपी को बाबा की हत्या के पश्चात उठाए गए सी.सी.टी.वी. कैमरा और डी.वी.आर. दे दिया। संभवत: गोपी ने सी.सी.टी.वी. चैक करने के पश्चात ओंकार व राजविन्द्र को 3 लाख रुपए दे दिए। दोनों ने मौके पर ही डेढ़-डेढ़ लाख रुपए बांट लिए। इस दौरान गोपी ने सी.सी.टी.वी. कैमरा और डी.वी.आर. जला दिए।
राजा गया जर्मन और गोपी दुबई
एस.एस.पी. गुरप्रीत सिंह ने बताया कि हत्या की वारदात में संलिप्त राजविन्द्र राजा और गुरप्रीत गोपी दोनों विदेश भाग चुके हैं। पता चला है कि राजा इसी साल अप्रैल-मई में जर्मन गया और गुरप्रीत गोपी वारदात के कुछ माह बाद दुबई चला गया। इसके पश्चात दोनों वापस नहीं आए। दोनों की एल.ओ.सी. जारी कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
राजा पर है लूट के केस, कैसे गया विदेश!
ओंकार व राजविन्द्र के खिलाफ भुलत्थ व करतारपुर इलाके में लूट व हत्या के केस दर्ज हैं। एस.एस.पी. गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि ओंकार सिंह के खिलाफ सितम्बर 2008 में हत्या का केस थाना करतारपुर में दर्ज हुआ था। ओंकार सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर मलकीत सन्नी की हत्या करके शव जमीन में दबा दिया था। इस केस में ओंकार को 20 साल की सजा हुई। 6 साल सजा काटने पर साल 2014 में वह जमानत पर आया था जबकि राजविन्द्र भुलत्थ में पैट्रोल पम्प की लूट तथा करतारपुर में फाइनांसर पर फायरिंग कर लूट इत्यादि की वारदातों में नामजद है।