Edited By Punjab Kesari,Updated: 05 Dec, 2017 08:59 AM
आप नेता संजय सिंह के खिलाफ दायर मानहानि मामले में पंजाब के पूर्व राजस्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया आज पूरे लाव-लश्कर सहित स्थानीय अदालत में अपनी गवाही कलमबद्ध करवाने के लिए पहुंचे।
लुधियाना (मेहरा): आप नेता संजय सिंह के खिलाफ दायर मानहानि मामले में पंजाब के पूर्व राजस्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया आज पूरे लाव-लश्कर सहित स्थानीय अदालत में अपनी गवाही कलमबद्ध करवाने के लिए पहुंचे।
ज्यूडीशियल मैजिस्ट्रेट जगजीत सिंह की अदालत में बिक्रम सिंह मजीठिया ने अपने वकील सहित अदालत में जाकर अपनी गवाही कलमबद्ध करवानी शुरू की लेकिन करीब डेढ़ घंटा अदालत में मौजूद रहने तक वह अपनी पूरी गवाही अदालत में नहीं करवा पाए, जिस पर अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 24 जनवरी निर्धारित करते हुए मजीठिया को अपनी गवाही पूर्ण करने व उनके द्वारा पूर्व में करवाए गए गवाहों को अदालत में पेश करने का आदेश दिया।
आज अदालत में आप नेता संजय सिंह उपस्थित नहीं हुए और उनकी ओर से उनके वकीलों ने उसकी हाजिरी माफी की अर्जी अदालत में दाखिल की। जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया।
उल्लेखनीय है कि पंजाब विधानसभा चुनाव से पूर्व मजीठिया ने उपरोक्त अदालत में संजय सिंह के खिलाफ मानहानि का मामला दायर करते हुए आरोप लगाया कि संजय सिंह ने एक रैली के दौरान उन पर ड्रग तस्करी के झूठे आरोप लगाए हैं, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची और संजय सिंह ने उसका राजनीतिक भविष्य व सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने के उद्देश्य से उन पर झूठे आरोप लगाए।