Edited By Updated: 10 Apr, 2017 01:13 PM
4 अप्रैल से लापता रणजीत नगर निवासी युवक सुखविंद्र सिंह का शव गत दिवस घग्घा के पास गुजरती नहर में से बरामद हुआ।
पटियाला (बलजिन्द्र) : 4 अप्रैल से लापता रणजीत नगर निवासी युवक सुखविंद्र सिंह का शव गत दिवस घग्घा के पास गुजरती नहर में से बरामद हुआ। मृतक के चाचा डा. जरनैल सिंह ने बताया कि उसका 23 वर्षीय भतीजा सुखविंद्र सिंह आनंद नगर में रहने वाली सोनिया नामक महिला के पास अक्सर आता-जाता था और 4 अप्रैल को भी 3 बजे तक सुखविंद्र सिंह उसके साथ ही था और बाद में सुखविंद्र की चप्पलें और बाइक भाखड़ा नहर के पास से मिली थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि सुखविंद्र सिंह ने आत्महत्या नहीं की बल्कि उसका कत्ल करके उसे नहर में फैंक दिया गया है। डा. जरनैल सिंह का कहना था कि इस मामले में सोनिया का पति भी शामिल है जिसके खिलाफ पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही।
मृतक के परिवार वालों ने आज पुलिस की तरफ से कार्रवाई न करने से खफा होकर गुरुद्वारा दुख निवारण साहिब चौक में सुखविंद्र की लाश रख कर रोष प्रदर्शन किया। परिवार वालों का आरोप था कि पुलिस कथित आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही, बल्कि थाने में उनको वी.आई.पी. ट्रीटमैंट दिया जा रहा है। परिवार वालों ने पुलिस के खिलाफ खुल कर नारेबाजी की। सूचना मिलने के बाद थाना त्रिपड़ी के एस.एच.ओ., ए.एस.पी. सरताज चहल, डी.एस.पी. सिटी-1 हंसराज और थाना अनाज मंडी के एस.एच.ओ. हरबिंद्र सिंह मौके पर पहुंच गए। ए.एस.पी. सरताज चहल ने परिवार वालों को भरोसा दिया कि इस मामले की गहराई से जांच की जाएगी और जो भी और दोषी पाया गया उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जहां आत्महत्या और हत्या का सवाल है तो उसकी भी जांच की जाएगी। ए.एस.पी. चहल के भरोसे के बाद परिवार वालों ने धरना उठाया और सुखविंद्र सिंह का संस्कार किया गया। पुलिस ने इस मामले में मृतक सुखविंद्र सिंह के पिता केसर सिंह पुत्र गुरनाम सिंह निवासी रणजीत नगर की शिकायत के आधार पर सोनिया कौर पत्नी जसविंद्र सिंह निवासी आनंद नगर बी पटियाला के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में केस दर्ज किया है।