Edited By Punjab Kesari,Updated: 11 Aug, 2017 10:48 AM
दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने विवाहिता के साथ न केवल मारपीट की बल्कि उसके बेटी को जन्म देने पर भी उसे प्रताडि़त करने लगे।
होशियारपुर (गिरीश): दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने विवाहिता के साथ न केवल मारपीट की बल्कि उसके बेटी को जन्म देने पर भी उसे प्रताडि़त करने लगे।
सरकारी अस्पताल में उपचाराधीन सुनीता रानी पुत्री सुरिन्द्र सिंह निवासी बाडिय़ां ने अपनी व्यथा सुनाते हुए कहा कि डेढ़ साल पहले उसकी शादी मन्नण निवासी से हुई थी।
शादी के बाद ही ससुराल वाले उससे और दहेज लाने की मांग करने लगे। मायके वालों ने हैसियत मुताबिक उनकी मांग को पूरा भी किया। बावजूद इसके ससुरालियों की मांग बढ़ती गई। कई बार मामला पंचायत में भी गया मगर ससुराली नहीं सुधरे। इसके बाद 8 माह पहले उसने बेटी को जन्म दिया था। बेटी के जन्म लेने के बाद ससुराल पक्ष के लोग उसे बेटी पैदा करने का ताना मारते हुए और भी प्रताडि़त करने लगे।
हद तो तब हो गई जब गत रात्रि 11 बजे के करीब वह अपने कमरे में मौजूद थी तो इस दौरान शराब के नशे में उसका पति उससे मारपीट करने लगा। बीच-बचाव करने की बजाय ससुराल पक्ष के लोगों ने भी उसके साथ मारपीट की। किसी तरह वह ससुरालियों के चंगुल से बचकर पड़ोस में रहते बिचौलिए के पास चली गई। वहां से उसने अपने मायके फोन किया। रात 12 बजे के करीब उसके भाई ने आकर उसको सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। थाना माहिलपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है।