Edited By Punjab Kesari,Updated: 01 Nov, 2017 08:52 AM
मंगलवार करीब पौने 5 बजे ढोका मोहल्ले में बदमाशों ने गुंडागर्दी करते हुए सरे बाजार एक युवक की तेधार हथियारों से दोनों हाथों की नसें काट डालीं। युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलने के बावजूद थाना...
लुधियाना (तरुण): मंगलवार करीब पौने 5 बजे ढोका मोहल्ले में बदमाशों ने गुंडागर्दी करते हुए सरे बाजार एक युवक की तेधार हथियारों से दोनों हाथों की नसें काट डालीं। युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलने के बावजूद थाना डिवीजन नं. 3 की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने एक महिला सहित 7 बदमाशों पर केस दर्ज कर लिया है। परंतु पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस ने नाममात्र कार्रवाई की है। पुलिस आरोपियों के साथ मिली हुई है,इतनी बड़ी वारदात करने के बावजूद आरोपी उन्हें धमका रहें है।
अस्पताल में उपचाराधीन घायल युवक की पहचान अनुज निवासी भामियां खुर्द के रूप में हुई है। पीड़ित पक्ष की ओर से हरजिन्द्र सिंह उर्फ लक्की ने बताया कि वह ढोका मोहल्ला में रहता है। उसका फाइनांस व करियाने की दुकान है। अनुज उसका वर्कर है जोकि पेमैंट इकट्ठी करने का काम करता है। मंगलवार बाद दोपहर वह ऑफिस की 2 गलियां छोड़कर अपने एक दोस्त की फैक्टरी में बैठा चाय पी रहा था। जबकि अनुज उसके ऑफिस में बैठा काम में व्यस्त था। तभी आरोपी राजा ओबरॉय ने अनुज को आवाज देकर बाहर बुलाया। उसने अनुज को बातों में उलझाया और दूसरी गली में ले गया। जहां पहले से ही राजा के दोस्त खड़े थे।
उन्होंने अनुज पर तेजधार हथियारों से हमला कर उसे काट डाला। इस दौरान सिर पर होने वाले वार को अनुज ने हाथों पर लिया जिस कारण उसके दोनों हाथों की नसें कट गई। हमलावर अनुज को मरा हुआ छोड़कर फरार हो गए। घटना का पता चलते ही पीड़ित पक्ष के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और लहूलुहान हालत में अनुज को सिविल अस्पताल ले गए परंतु गंभीर हालत को देखते हुए निजी अस्पताल रैफर कर दिया गया। दोनों हाथों की प्लास्टिक सर्जरी की गई है।
दोनों पक्षों के बीच है पुरानी रंजिश
पीड़ित पक्ष हरजिन्द्र सिंह उर्फ लक्की ओर राजा ओबरॉय के बीच पुरानी रंजिश है। कई बार पहले भी दोनों पक्ष भिड़ चुके है। इस घटना से पूर्व भी 6 अक्तूबर को आरोपी पक्ष ने लक्की के घर पर हमला किया था। जिस पर थाना डिवीजन नं. 3 की पुलिस ने लक्की के भाई की शिकायत पर पर केस दर्ज किया था।
आरोपी सी.सी.टी.वी. में कैद
घटना से संबंधित सी.सी.टी.वी. फुटेज पुलिस के हाथ लगी है। जिसमें आरोपी पक्ष अनुज को धमकाता हुआ दिखाई दे रहा है। जांच अधिकारी जगजीत सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष के बयान के आधार पर राजा ओबरॉय, मेजा सिंह उसकी पत्नी स्वीटी, हंटर टक्कर, चेतन शाह, गोगी, हरमन, गोल्डी शर्मा सहित 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 326 सहित कई आपराधिक धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। डाक्टरी रिपोर्ट व सी.सी.टी.वी. फुटेज की जांच के बाद केस में धाराओं की बढ़ौतरी हो सकती है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में छापामारी कर रही है।