Edited By Punjab Kesari,Updated: 27 Aug, 2017 10:33 AM
जिला पुलिस ने 17 अगस्त को हुए एक अंधे कत्ल के केस की गुत्थी सुलझा कर हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
होशियारपुर/गढ़शंकर (अश्विनी, शोरी): जिला पुलिस ने 17 अगस्त को हुए एक अंधे कत्ल के केस की गुत्थी सुलझा कर हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह जानकारी देते हुए एस.एस.पी. जे. इलनचेलियन ने आज यहां बताया कि 17 अगस्त को बलकार सिंह ने पुलिस को सूचित किया था कि उसके ट्यूबवैल की मोटर पर शिंदा पुत्र धनी राम ने अपनी जे.सी.बी. व अन्य मशीनरी 4 माह से रखी हुई है। इसकी देखभाल के लिए वहां राज कुमार रहता था।
जब वह अपने खेत में गया तो देखा कि राज कुमार का खून से लथपथ शव वहां पड़ा हुआ था। राज कुमार की किसी तेजधार हथियार से हत्या की गई थी। इस संबंधी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था। एस.एस.पी. ने बताया कि इस अंधे कत्ल के केस का सुराग लगाने के लिए उन्होंने पुलिस टीम का गठन किया था। टीम के सदस्यों ने सारे मामले की जांच के उपरांत हत्यारोपी जगजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। हत्यारोपी ने राज कुमार को शराब पीकर अपने घर आने से किया था मनाएस.एस.पी. ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसका मृतक राज कुमार के साथ काफी मेल-मिलाप था।
वह जगजीत सिंह से जे.सी.बी. चलानी सीखता था। दोनों इकट्ठे शराब भी पीते थे व कई बार राज कुमार शराब पीकर जगजीत सिंह के घर चला जाता था। जगजीत सिंह राज कुमार को अपने घर शराब पीकर आने से मना करता था।
उन्होंने बताया कि 16 अगस्त की सायं को राज कुमार ने जगजीत सिंह को जे.सी.बी. मशीन साइड पर करने के लिए बुलाया। जब जगजीत सिंह वहां पहुंचा तो राज कुमार ने शराब पी हुई थी। राज कुमार ने जगजीत सिंह को गालियां निकालनी शुरू कर दीं। इस बात को मन में रख कर जगजीत सिंह वहां से अपने घर वापस चला गया था। बाद में घर से दातर लाकर उसने रात के समय राज कुमार पर वार करके उसकी हत्या कर दी।