Edited By Updated: 29 Mar, 2017 12:13 AM
पंजाब के मुख्यमंत्री कै. अमरेंद्र सिंह ने कहा है कि उनके मंत्रिमंडल में मुख्य....
चंडीगढ़(पराशर): पंजाब के मुख्यमंत्री कै. अमरेंद्र सिंह ने कहा है कि उनके मंत्रिमंडल में मुख्य संसदीय सचिवों तथा संसदीय सचिवों की नियुक्ति संबंधी बिल विधानसभा के अगले सत्र में पेश किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सी.पी.एस. की नियुक्ति में कुछ भी गलत नहीं है, यदि इसमें कोई कानूनी अड़चन है तो उसे नए बिल में हल कर लिया जाएगा। अमरेंद्र ने इस संबंध में पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के विरोध को नकारते हुए कहा कि सबसे पहले बादल ने ही इस मुद्दे पर पहलकदमी की थी। अपनी सरकार में उन्होंने कई सी.पी.एस. नियुक्त किए थे। यदि वह नियुक्त करें तो ठीक और अगर हम करें तो गलत।
एक सवाल पर उन्होंने कहा कि पंजाब स्टेट पावर कार्पोरेशन लिमिटेड (पी.एस.पी.सी.एल.) के अध्यक्ष पद पर किसी टैक्नोक्रेट को ही लगाया जाएगा। सरकार इस समय स्व. एन.एस. वसंत जैसे टैक्नोक्रेट की तलाश में है। फिलहाल इसका जिम्मा एक अधिकारी को दिया गया है। उन्होंने कहा कि नशों के विरुद्ध अभियान आरंभ हो गया है और पिछले 10 दिनों में ही टास्क फोर्स ने 200 से भी अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है।
इसके अलावा पंजाब में सक्रिय 57 गैंगस्टरों में से 47 को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया है। कैप्टन ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यालय में केवल 9 अधिकारी ही नियुक्त किए हैं जबकि पिछली बादल सरकार में मुख्यमंत्री तथा उपमुख्यमंत्री के कार्यालयों में 30 अधिकारियों को नियुक्त किया गया था।