Edited By Updated: 23 Feb, 2017 08:54 AM
हाल ही में सम्पन्न विधानसभा चुनावों में सरकारी मशीनरी और नगर निगम के कई अधिकारियों के व्यस्त रहने का फायदा उठाते हुए शहर में धड़ाधड़ अवैध निर्माण हुए जिनकी शिकायतें नगर निगम कमिश्नर, डी.सी. आदि के पास हुईं। कमिश्नर के आदेशों पर निगम के बिल्डिंग...
जालंधर(खुराना): हाल ही में सम्पन्न विधानसभा चुनावों में सरकारी मशीनरी और नगर निगम के कई अधिकारियों के व्यस्त रहने का फायदा उठाते हुए शहर में धड़ाधड़ अवैध निर्माण हुए जिनकी शिकायतें नगर निगम कमिश्नर, डी.सी. आदि के पास हुईं। कमिश्नर के आदेशों पर निगम के बिल्डिंग विभाग ने एक बड़े अभियान को अंजाम दिया जिसके तहत दर्जन भर अवैध बिल्डिंगों को सील लगा दी गई।
इस कार्रवाई का नेतृत्व एम.टी.पी. मेहरबान सिंह के निर्देशों पर ए.टी.पी. शाम सुंदर तथा बिल्डिंग इंस्पैक्टर अजीत शर्मा ने किया और बाद में इंस्पैक्टर सुषमा दुग्गल भी इस अभियान में शामिल हुईं। यह अभियान सुबह 6 बजे ही शुरू कर दिया गया और निगम कार्यालय से निकल कर टीम ने सबसे पहले बस्ती गुजां अड्डे पर बन रही बिल्डिंग को सील किया। उसके बाद यह टीम 120 फुट रोड पर नई बनी पुली के निकट आई जहां 4 दुकानों और एक तिमंजिला बिल्डिंग को सील कर दिया गया। इसी टीम ने बाद में लैदर काम्पलैक्स रोड पर कार्रवाई करके आधा दर्जन के करीब अवैध बिल्डिंगों को सील किया। निगम टीम के साथ भारी संख्या में पुलिस बल थे परंतु कहीं से विरोध की सूचना नहीं है। पता चला है कि ज्यादातर अवैध बिल्डिंगों बारे अकाली पार्षद जत्थेदार प्रीतम सिंह ने शिकायत की थी।
अभी भी 100 के करीब अवैध निर्माणों पर कार्रवाई का इंतजार
नगर निगम ने आज चुनावी सीजन के दौरान बनी एक दर्जन अवैध बिल्डिंगों पर कार्रवाई की है परंतु ऐसी 100 बिल्डिंगें शहर में मौजूद हैं जिनका निर्माण मात्र कुछ दिन पहले ही किया गया और हैरानीजनक बात यह है कि कई बिल्डिंगों पर लैंटर डालने से पहले ही रंग-रोगन कर दिया गया ताकि यह निर्माण पुराने नजर आएं। अभी भी गुलाब देवी अस्पताल पुली से स्पोर्ट्स कालेज पुली की ओर आती सड़क पर बन रहे शोरूमों पर कार्रवाई नहीं हुई। इसके अलावा शहर के हर वार्ड में इन दिनों अवैध बिल्डिंगों की बाढ़ सी आई हुई है जिनमें से कइयों पर आने वाले दिनों में कार्रवाई संभावित है।