Edited By Updated: 22 May, 2017 03:02 PM
नगर निगम में हो चुकी व हो रही भर्तियों पर बवाल रुकने का नाम नहीं ले रहा। जहां पुरानी भर्तियों को लेकर पहले ही निगम में घमासान मचा
भटिंडा (परमिंद्र): नगर निगम में हो चुकी व हो रही भर्तियों पर बवाल रुकने का नाम नहीं ले रहा। जहां पुरानी भर्तियों को लेकर पहले ही निगम में घमासान मचा हुआ है, वहीं नई हो रही भर्तियों को लेकर सफाई मुलाजिम व निगम अधिकारी आमने-सामने हैं। ताजा घटनाक्रम में वार्ड नं.-18 के कांगे्रसी पार्षद राजा सिंह ने नगर निगम में हुई व हो रही नियुक्तियों के खिलाफ अपने समर्थकों सहित धरना देकर रोष प्रदर्शन किया। कांग्रेसी पार्षद ने आरोप लगाया कि अकाली मेयर व अन्य अकाली पार्षद निगम में बहुमत होने का फायदा उठाते हुए अपने चहेतों की नियुक्तियां करवा रहे हैं, जिसे सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने निगम अधिकारियों व मेयर के खिलाफ नारेबाजी करके गुस्सा निकाला।
नियुक्तियों में गड़बडिय़ों की हो जांच
राजा सिंह ने कहा कि नगर निगम में पिछले समय दौरान हुई नियुक्तियों की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। पता चला है कि निगम के कुछ शीर्ष लोगों ने बड़े स्तर पर अपने चहेतों को भर्ती किया है। एक वार्ड से ही 65 लोगों को नौकरी पर रखा गया जो भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है। सफाई मुलाजिम व अन्य मुलाजिमों की भर्ती नियमों को दरकिनार करके की गई है। अगर इस संबंध में कोई कार्रवाई न हुई तो वह संघर्ष को तेज करेंगे।
छप्पड़ की ओर निकाला जाए स्कूल का रास्ता
इसके साथ ही राजा सिंह ने बीबी वाला रोड पर ट्रैफिक की समस्या को देखते हुए मांग की है कि डी.ए.वी. स्कूल का एक रास्ता पीछे छप्पड़ की ओर निकाला जाए। छुट्टी के वक्त स्कूल के समक्ष भारी ट्रैफिक होने के कारण लोगों को दिक्कतें आती हैं। अगर स्कूल को एक रास्ता बंसत विहार की ओर छप्पड़ के साथ निकाल दिया जाए तो लोगों को इस समस्या से निजात मिल सकती है।