Edited By Punjab Kesari,Updated: 05 Jan, 2018 10:46 PM
शिरोमणि अकाली दल (शिअद) अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि पंजाब की कांग्रेस सरकार कर्ज माफी के नाम पर किसानों की जिंदगियों से खिलवाड़ कर रही है और चेतावनी दी कि यही हालात रहे तो पार्टी मंत्रियों और विधायकों का घेराव करने पर मजबूर...
चंडीगढ़: शिरोमणि अकाली दल (शिअद) अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि पंजाब की कांग्रेस सरकार कर्ज माफी के नाम पर किसानों की जिंदगियों से खिलवाड़ कर रही है और चेतावनी दी कि यही हालात रहे तो पार्टी मंत्रियों और विधायकों का घेराव करने पर मजबूर हो जाएगी।
बादल ने यहां जारी बयान में कहा कि सरकार ने जो फसल ऋण माफी योजना लाई है उसमें कई वास्तविक हकदारों के नाम नहीं हैं। उन्होंने इस योजना का रद्द कर कर्ज के बोझ से दबे सभी किसानों का कर्ज माफ करने की योजना लाने की मांग की। शिअद अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कैप्टन अमरेंद्र सिंह सरकार के नब्बे हजार करोड़ की कर्ज माफी के चुनावी वायदे पर अमल न करने के कारण 400 किसान खुदकुशी कर चुके हैं।
उन्होंने संगरूर के लहरागगा में कर्ज माफी के पात्र किसानों की सूची में अपना नाम न देखकर किसान सिकंदर सिंह के खुदकुशी करने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसा सरकार की फसल कर्ज माफी योजना के कारण हुआ है जिसमें जिन्हें असल जरूरत है, उन्हें कर्ज माफी का लाभ नहीं मिल रहा। बादल ने कहा कि किसान इस अन्याय को बर्दाश्त नहीं करने वाले और उन्होंने किसानों से कांग्रेस विधायकों और मंत्रियों का घेराव करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी भी इस अन्याय के खिलाफ आंदोलन करेगी।
बादल ने आरोप लगाया कि छोटे किसान जिनके पास पांच एकड़ से कम जमीन है यदि उनका कर्ज दो लाख रुपए से एक रुपया भी अधिक है तो उन्हें कर्ज माफी नहीं दी जा रही है। इसके अलावा खेत मजदूरों को भी कोई राहत नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सौ रुपए से कुछ हजार रुपये का कर्ज सिर्फ लाभार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए माफ किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ता इस योजना में भी पैसा बना रहे हैं और कर्ज माफी योजना को घोटाला करार देते हुए जांच कराने की मांग की।