Edited By Updated: 24 Mar, 2017 10:07 PM
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने शुक्रवार को कहा कि जब अकाली दल....
चंडीगढ़: पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने शुक्रवार को कहा कि जब अकाली दल-भाजपा गठबंधन ने कृषि ऋण माफी के कांग्रेस के चुनावी वादे को पंजाब के लिए केंद्र सरकार के वित्तीय पैकेज से नहीं जोडऩे को कहा तो मुख्यमंत्री अमरेन्द्र सिंह को इतनी तीखी प्रतिक्रिया देने की जरूरत नहीं थी।
बादल ने कहा, ‘‘मैंने साफ कहा था कि मैं और मेरी पार्टी तथा गठबंधन के सहयोगी एक पैकेज की उनकी मांग का समर्थन करते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैंने कहा था कि किसानों का कर्ज माफ करने, 30 लाख लोगों को नौकरी देने, पेंशन दोगुनी करने आदि के वादे की निर्भरता पंजाब को यह पैकेज मिलने पर नहीं होनी चाहिए।’’ बादल ने कहा कि दोनों को अलग -अलग करके देखना चाहिए और राज्य सरकार को कर्ज माफी, खाली पद भरने तथा घोषणापत्र में कांग्रेस द्वारा किये गये दूसरे वादों पर तत्काल कैबिनेट में फैसला करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि वह राज्य के लिए केंद्र से पैकेज की अकाली दल-भाजपा की पहले की जा चुकी मांग का अनुसरण करने पर पंजाब के मुख्यमंत्री का पूरी तरह समर्थन करते हैं। उधर पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने बादल पर अपने हिसाब से चीजों को सुनने का आरोप लगाया था और इस आरोप का खंडन किया कि वह कृषि ऋण माफी के अपने वादे से पलट गए हैं। अमरेन्द्र ने शुक्रवार को कहा कि बादल पिता-पुत्र अपने हिसाब से चीजों को सुनने और भूलने की आदत के शिकार लगते हैं।