Edited By Punjab Kesari,Updated: 22 Sep, 2017 10:09 AM
सिविल अस्पताल में प्रसूति करवाने आने वाली गर्भवती महिलाएं सावधान हो जाएं। अस्पताल में स्त्री रोगों की माहिर डाक्टरों की बड़े स्तर
अमृतसर(दलजीत): सिविल अस्पताल में प्रसूति करवाने आने वाली गर्भवती महिलाएं सावधान हो जाएं। अस्पताल में स्त्री रोगों की माहिर डाक्टरों की बड़े स्तर पर कमी है और एक ही डाक्टर रोजाना 250 से अधिक गर्भवती महिलाओं की ओ.पी.डी. और प्रसूति कर रही है। सिविल सर्जन द्वारा तैनात 2 सर्जनों ने भी प्रसूति करने से मना कर दिया है।
विभाग में तैनात डा. सिमरत के घर का तबादला हो गया और डा. सुकृति सीनियर रैजीडैंसी करने के लिए सरकारी मैडीकल कालेज चली गई है, विभाग में अब डा. अनुजीत ही रह गई है। रोजाना अस्पताल में 250 से अधिक गर्भवती महिलाएं ओ.पी.डी. में जांच के लिए आती हैं जबकि हर महीने साधारण और बड़े आप्रेशन मिलाकर 350 से अधिक प्रसूति केस होते हैं। डा. अनुजीत को दिन-रात सेवाएं देनी पड़ रही हैं।
सिविल सर्जन द्वारा सिविल अस्पताल में तैनात सर्जन डा. एन.पी. सिंह और डा. अर्शदीप को गर्भवती महिलाओं के सिजेरियन करने के लिए आदेश दिए गए हैं परन्तु उक्त दोनों डाक्टरों ने इससे मना कर दिया है। होशियारपुर और कई अन्य जिलों में सर्जन बाकायदा सिजेरियन कर रहे हैं परन्तु अमृतसर के उक्त दोनों डाक्टरों ने सिविल सर्जन के आदेशों की परवाह नहीं की।