Edited By Updated: 01 Nov, 2016 05:26 PM
नवांशहर व आसपास के क्षेत्र में दीपावली का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस बार दीपावली पर चाइनीज माल को दरकिनार कर लोगों ने राष्ट्र भक्ति का पैगाम दिया।
नवांशहर (त्रिपाठी): नवांशहर व आसपास के क्षेत्र में दीपावली का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस बार दीपावली पर चाइनीज माल को दरकिनार कर लोगों ने राष्ट्र भक्ति का पैगाम दिया। पुलिस के सख्त प्रबंधों के तहत जिले भर से किसी भी तरह की कोई अप्रिय घटना का समाचार नहीं है।
जिले के 4 विभिन्न क्षेत्रों में पटाखे तथा आतिशबाजी से मामूली आग लगने की घटनाएं घटित हुई हैं परन्तु किसी भी स्थान पर कोई जानी माली नुक्सान नहीं हुआ। नगर कौंसिल की दमकल गाडिय़ों द्वारा उक्त स्थानों पर समय रहते पहुंच कर आग पर काबू पा लिया गया। इसी तरह शहर व आसपास के क्षेत्र में दीपावली का त्यौहार पूरी अमन-शांति व भाईचारे के साथ सम्पन्न होने के समाचार मिले हैं।
चाइना माल की बिक्री में आई भारी गिरावट
दीपावली के शुभ अवसर पर बिकने वाली इलैक्ट्रिक लडिय़ों तथा पटाखों की बिक्री में भारी कमी पाई गई। कई दुकानदारों ने बताया कि चीन के सामान की बिक्री इस बार आधे से भी कम हुई है। पटाखों की खरीदारी को लेकर लोगों में विशेषतौर पर राष्ट्रीयता की भावना देखने को मिली। लोगों ने जिन पटाखों पर इंडियन निर्माता कंपनियों के नाम लिखे थे, केवल उसी की खरीदारी की। इस संबंधी जागरूक लोगों ने बताया कि भारत के साथ दुश्मनी का रवैया रखने वाले चीन के प्रति भारी रोष लोगों में देखने को मिला, जिसके चलते चाइनीज सामान की बिक्री काफी प्रभावित हुई है।
दीपावली पर पुलिस नजर आई मुस्तैद
दीपावली पर अमन कानून की व्यवस्था को कायम रखने के लिए जिला पुलिस प्रमुख नवीन सिंगला की सख्ती का प्रभाव पुलिस अधिकारियों में देखने को मिला। एस.एच.ओ. तथा जी.ओ. स्तर के अधिकारी जिले में पुलिस प्रबंधों के प्रति काफी सजग नजर आए। मुख्य सड़कों के अतिरिक्त शहर के भीतर के हिस्सों में भी पुलिस की गश्त के चलते किसी भी तरह के लड़ाई-झगड़े आदि की घटना घटित नहीं हुई। विभाग के अधिकारी ने बताया कि नवांशहर के राहों रोड स्थित विश्वकर्मा मंदिर के पास एक टैंट, बंगा में गऊशाला, नानोवाल में चारे में तथा गांव चराण में तूड़ी के कूप को आग लगने की घटना हुई जिन पर समय रहते काबू पा लिया गया।