Edited By Punjab Kesari,Updated: 11 Feb, 2018 03:53 PM
देश के मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने कहा है कि देशभर में चुनावों में प्रयोग की जा रही ई.वी.एम. बिल्कुल सही हैं। वह श्री हरिमंदिर साहिब में नतमस्तक होने के उपरांत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
अमृतसर (सर्बजीत/ इन्द्रजीत): देश के मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने कहा है कि देशभर में चुनावों में प्रयोग की जा रही ई.वी.एम. बिल्कुल सही हैं। वह श्री हरिमंदिर साहिब में नतमस्तक होने के उपरांत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उनके साथ पंजाब प्रदेश के चुनाव आयुक्त और उनके परिवार के सदस्य भी शामिल थे। उन्होंने बताया कि ई.वी.एम. के साथ-साथ वी.वी. पैट मशीन भी अस्तित्व में आ गई है, कई स्थानों पर इन मशीनों को भी प्रयोग किया गया है किन्तु अभी पूरे देश में एकदम लागू करना कुछ मुश्किल है। 2019 के चुनावों में पूरा प्रयास होगा कि चुनावों में वी.वी. पैट मशीन ही प्रयुक्त हों, किन्तु यदि पूरी व्यवस्था न हुई तो ई.वी.एम. की भी मदद ली जाएगी। ई.वी.एम. 1996 में अपने अस्तित्व में आई थी और अब तक उनमें किसी भी प्रकार की कोई खराबी के संकेत नहीं हैं।
उन्होंने कुछ दलों द्वारा ई.वी.एम. सेे हुई छेड़छाड़ के संबंध में कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। उन्होंने लोकसभा, विधानसभा के चुनाव एक साथ करवाने के बारे में स्पष्ट किया कि वह एक प्रशासनिक अधिकारी है, चुनावों संबंधी व्यवस्था को बनाना उनका काम है जबकि एक साथ इलैक्शन करना अथवा न करवाना सरकार और न्यायपालिका के अधिकार क्षेत्र में है। सूचना केन्द्र में इलैक्शन कमिश्नर सुनील अरोड़ा व उनके परिजनों को गोल्डन टैंपल का मॉडल देकर सूचना अधिकारी जसविन्द्र सिंह जस्सी द्वारा सम्मानित भी किया गया।
मतदाता सूची में दर्ज किए जाएं प्रवासी पंजाबियों के नाम : सुनील अरोड़ा
केंद्रीय चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने अमृतसर दौरे के दौरान अमृतसर व तरनतारन जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक करके निर्देश दिए हैं कि प्रवासी पंजाबियों के नाम मतदाता सूचियों में दर्ज किए जाएं। अरोड़ा ने कहा कि पंजाब में बड़ी संख्या में एन.आर.आई. हैं लेकिन बहुत से ऐसे हैं जिनके नाम मतदाता सूची में नहीं हैं। चुनाव आयोग द्वारा अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनावों की तैयारी की जा रही है। सभी चुनाव अधिकारियों को बी.एल.ओज व अन्य अधिकारियों के साथ इस संबंध में लगातार बैठकें करनी चाहिए। इसके अलावा 18 से 19 वर्ष के नौजवानों को मतदाता सूची में जरूर रखा जाए। आयोग दिव्यांग मतदाताओं को हर प्रकार की सुविधा देने को तैयार है।