Edited By Updated: 21 Feb, 2017 10:07 AM
पंजाब के मुख्यमंत्री आवास से मात्र 120 मीटर दूरी पर स्थित पार्क में सोमवार दोपहर 2 सक्रिय बम शैल मिलने से हड़कंप मच गया।
चंडीगढ़(कुलदीप): पंजाब के मुख्यमंत्री आवास से मात्र 120 मीटर दूरी पर स्थित पार्क में सोमवार दोपहर 2 सक्रिय बम शैल मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पाकर पंजाब पुलिस, डी.एस.पी. सैंट्रल सहित सैक्टर-3 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद सक्रिय बम शैल कब्जे में ले लिए। डी.एस.पी. सैंट्रल रामगोपाल ने बताया कि घटना की सूचना एक राहगीर ने पुलिस कंट्रोल रूम में दोपहर करीब 1.20 बजे दी। उसने बताया कि पंजाब सी.एम. हाऊस के सामने स्थित राजिंद्रा पार्क में 2 सक्रिय बम पड़े हैं। सूचना पाकर पहुंची पुलिस टीम ने बम को कब्जे में लेकर मिट्टी में दबा दिया। इसके बाद सभी ब्रांचों को अलर्ट करते हुए एरिया की घेराबंदी करवा दी गई।
सेना के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने दोनों बमों को निष्क्रिय किया। मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री आजकल शहर से बाहर हैं। पुलिस टीम ने प्राथमिक जांच के बाद संदेह जताया कि बम किसी कबाड़ में आया है। हालांकि यह घटना वास्तव में चौंकाने वाली है कि इतनी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कोई भी व्यक्ति बम ले जाने व पार्क में फैंकने की हिम्मत कैसे कर सकता है। चंडीगढ़ पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।