Edited By Updated: 15 Dec, 2016 10:46 AM
पंजाब में कैंसर के मरीजों की बढ़ती संख्या एक गहन चिंता का विषय है।
चंडीगढ़ (रवि): पंजाब में कैंसर के मरीजों की बढ़ती संख्या एक गहन चिंता का विषय है। पंजाब में लोग कई तरह के कैंसर से पीड़ित हो रहे हैं लेकिन सबसे ज्यादा संख्या महिलाओं को होने वाले ब्रैस्ट कैंसर और सर्वाइकल कैंसर की है। हालांकि ब्रैस्ट कैंसर का पता पहले नहीं लगाया जा सकता, लेकिन सर्वाइकल कैंसर को पहले ही एक इंजैक्शन लगाने से रोका जा सकता है। इसके लिए पंजाब सरकार ने एक योजना शुरू की है जिसके तहत 9 से 12 साल की लड़कियों को एक इंजैक्शन लगाया जाएगा, जिससे भविष्य में वे सर्वाइकल कैंसर से बच पाएंगी। योजना के पहले चरण में ये अभियान भटिंडा और मानसा में शुरू किया गया है। इसके बाद इसे पूरे पंजाब में शुरू किया जाएगा। पंजाब इस तरह की योजना शुरू करने वाला देश का पहला राज्य है।
भारत में पंजाब से होगी शुरूआत
चैतन्य अस्पताल के डा. नीरज कुमार ने बताया कि दुनिया के 69 देशों में यह प्रोग्राम चलाया जा रहा है, जिसके तहत यह इंजैक्शन हर लड़की को लगाया जा रहा है, वहीं अब भारत में इस प्रोग्राम की शुरूआत पंजाब से की जा रही है। लोगों को इसके प्रति जागरूक करने की जरूरत है क्योंकि देश में हर साल 1 लाख 32 हजार महिलाएं इस कैंसर की चपेट में आ रही हैं। इनमें से 67 हजार 500 महिलाओं को अपनी जान गंवानी पड़ती है। उन्होंने कहा कि यह इंजैक्शन सरकारी योजना के अलावा भी किसी भी अस्पताल में जाकर लगवाया जा सकता है। इसकी कीमत करीब 3,000 रुपए है।