Edited By Updated: 13 Mar, 2017 09:46 AM
पंजाब कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कैप्टन अमरेंद्र सिंह कल चंडीगढ़ में सी.एल.पी. की बैठक के बाद गवर्नर से मिलकर राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश किया।
जालंधर/चंडीगढ़(धवन/पराशर): पंजाब कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कै. अमरेन्द्र सिंह को आज सर्वसम्मति से पंजाब कांग्रेस विधायक दल का नया नेता चुन लिया गया जिसके बाद उन्होंने पंजाब के राज्यपाल से मुलाकात कर विधिवत रूप से कांग्रेस सरकार गठित करने का दावा पेश किया। सी.एल.पी. नेता निर्वाचित होने के बाद कै. अमरेन्द्र सिंह का मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। कैप्टन 16 मार्च को सुबह 10 बजे चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
सी.एल.पी. नेता चुनने के लिए जब कांग्रेस के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक हुई तो उसमें एक पंक्ति का प्रस्ताव पारित करते हुए नए नेता बारे फैसला लेने के लिए अधिकार कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी तथा पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी को दिए गए। बैठक में पंजाब कांग्रेस मामलों की प्रभारी आशा कुमारी मौजूद थीं जिन्होंने कांग्रेस के नवनिर्वाचित विधायकों द्वारा पास किए गए प्रस्ताव के बारे में फोन पर कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी को जानकारी दी।
बाद में आशा कुमारी ने कांग्रेस के नवनिर्वाचित विधायकों को सूचित किया कि राहुल गांधी ने पंजाब कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कै. अमरेन्द्र सिंह को नया सी.एल.पी. नेता बनाने का प्रस्ताव रखा है। तब कांग्रेसी विधायकों ने सर्वसम्मति से अपने हाथ खड़े करके कै. अमरेन्द्र सिंह को नया नेता चुन लिया। दिल्ली से राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत तथा पंजाब के सह प्रभारी हरीश चौधरी विशेष रूप से पहुंचे हुए थे। सी.एल.पी. की बैठक में पूर्व सी.एल.पी. नेता चरणजीत सिंह चन्नी ने पंजाब के लोगों द्वारा विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को दिए गए भारी बहुमत के लिए उनका आभार जताया। सी.एल.पी. की बैठक समाप्त होने के बाद कै. अमरेन्द्र सिंह अशोक गहलोत व अन्य नेताओं के साथ राज भवन गए तथा पंजाब के राज्यपाल वी.पी. सिंह बदनौर से मुलाकात करके औपचारिक तौर पर अपनी सरकार गठित करने का दावा पेश किया। राज्यपाल बदनौर ने कै. अमरेन्द्र सिंह को विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की विजय पर बधाई दी तथा औपचारिक तौर पर उन्हें नई सरकार बनाने का न्यौता दिया।