Edited By Punjab Kesari,Updated: 03 Jan, 2018 05:39 PM
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने ट्वीट करते हुए कहा है कि उनकी सरकार के लिए पहले 9 महीने काफी कठिन थे परन्तु अब आने वाले समय में परिस्थितियों में सुधार देखने को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने 2017 के पहले 9 महीनों के दौरान...
जालन्धर(धवन): पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने ट्वीट करते हुए कहा है कि उनकी सरकार के लिए पहले 9 महीने काफी कठिन थे परन्तु अब आने वाले समय में परिस्थितियों में सुधार देखने को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने 2017 के पहले 9 महीनों के दौरान कुछ वायदों को पूरा कर दिया जबकि अभी इस दिशा में और आगे बढऩे की जरूरत है।
सरकार नई औद्योगिक नीति बनाने व लागू करने में रही सफल
कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने कहा कि 9 महीनों के कार्यकाल के दौरान किसी भी सरकार की सफलता या असफलता का पता नहीं लगाया जा सकता क्योंकि जनता ने सरकार को 5 वर्षों के लिए फतवा दिया होता है। इसके बावजूद कुछ महत्वपूर्ण चुनावी वायदों को उनकी सरकार पूरा करने में कामयाब हुई है। विरासत में खाली खजाना मिलने के बावजूद उनकी सरकार ने अल्पकाल के दौरान ही विपक्ष द्वारा सरकार के खिलाफ चलाए दुषअभियान के बावजूद किसानों का ऋण माफ करने का निर्णय ले लिया है जिसे जल्द ही व्यावहारिक रूप दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार नई औद्योगिक नीति बनाने व लागू करने में सफल रही है। नई औद्योगिक नीति के नतीजे सामने आने शुरू हो गए हैं। पिछले 10 वर्षों के दौरान बड़े पैमाने पर उद्योग बंद हो गए या राज्य से पलायन कर गए थे जिससे राज्य में आर्थिक विकास का चक्र रुक गया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में शिक्षित बेरोजगारी एक प्रमुख समस्या है जिस पर मौजूदा सरकार को निजात पाना है।मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व गठबंधन सरकार से कांग्रेस को सारा सिस्टम ही अस्त-व्यस्त मिला है जिसे सुधारने में कुछ समय तो लगेगा ही। उन्होंने कहा कि पंजाब को पुन: विकास के रास्ते पर ले जाना उनका नववर्ष का प्रमुख संकल्प है। इसके लिए शुरूआत हो चुकी है। अगले 4 वर्षों मे ंपंजाब में खूब तरक्की व सुशासन देखने को मिलेगा।
ड्रग के कारोबार में संलिप्त बड़ी मछलियां भी जल्द होंगी पुलिस की गिरफ्त में
मुख्यमंत्री अमरेन्द्र सिंह ने कहा कि ड्रग पंजाब की एक प्रमुख समस्या थी। कांग्रेस सरकार की सख्ती के कारण ड्रग माफिया पर नियंत्रण पाया गया है। बड़े मगरमच्छ या तो अन्य राज्यों में दौड़ गए हैं या फिर भूमिगत हो गए हैं। ड्रग माफिया की रीढ़ की हड्डी को तोडऩे में एस.टी.एफ. कामयाब रही। कुछ बड़ी मछलियां गिरफ्तारी से बचने के लिए इधर-उधर हो गई हैं परन्तु वह दिन दूर नहीं जब बड़ी मछलियां भी पुलिस की गिरफ्त में आ जाएंगी। उन्हें अपने कर्मों का परिणाम भुगतना पड़ेगा। कैप्टन ने कहा कि कानून-व्यवस्था के फ्रंट पर सरकार की कारगुजारी बेहतर रही तथा बड़ी अपराधिक घटनाओं को हल करने में सरकार को कामयाबी मिली।
ऋण माफी का लाभ 10.25 लाख किसानों को मिलेगा
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने कहा है कि राज्य में किसान ऋण माफी का लाभ 10.25 लाख किसानों को मिलेगा। राज्य में सरकार द्वारा किसानों के कल्याण के लिए पहले ही कुर्की को खत्म किया जा चुका है। इसी तरह से आत्महत्याएं करने वाले किसानों को दी जाने वाली आर्थिक सहायता राशि को भी बढ़ाया गया है। सरकार राज्य में गेहूं व चावल की निर्विद्दन खरीद को यकीनी बनाने में सफल रही। बिजली सबसिडी के मामले में भी सरकार के प्रयास सफल रहे। सामाजिक सुरक्षा पैंशन तथा आशीर्वाद स्कीम के तहत दी जाने वाली आर्थिक सहायता राशि को भी बढ़ाया गया है।