Edited By Punjab Kesari,Updated: 15 Aug, 2017 09:32 AM
कै. अमरेंद्र सिंह द्वारा पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता सुखपाल सिंह खैहरा के मालवा के कपास पट्टी के किसानों को मिलने के प्रोग्राम को राजनीति
चंडीगढ़ (ब्यूरो): कै. अमरेंद्र सिंह द्वारा पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता सुखपाल सिंह खैहरा के मालवा के कपास पट्टी के किसानों को मिलने के प्रोग्राम को राजनीति कहने पर पलटवार करते हुए आज खैहरा ने मुख्यमंत्री पर चुनाव के दौरान कर्ज माफी और किसान आत्महत्या के संबंध में झूठ बोलकर इस मुद्दे पर राजनीति करने के लिए उनकी आलोचना की।
खैहरा ने कहा कि चुनाव से पहले कै. अमरेंद्र सिंह ने अपने हस्ताक्षर वाले फार्म भरवाकर किसानों के सारे कर्जे माफ करने की बात कही थी परंतु चुनाव के पश्चात वह अपने वायदे से मुकर गए। उन्होंने कहा कि कै. अमरेंद्र की इस वायदा खिलाफी के कारण किसान ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। राज्य में आत्महत्याओं की दर बढ़ गई है। खैहरा ने कहा कि किसानों को कोई राहत प्रदान करने की बजाय कै. अमरेंद्र सिंह कपास की खराब हुई फसल व आत्महत्याओं के लिए किसानों को जिम्मेदार बता रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों का नुमाइंदा होने के नाते उनकी यह जिम्मेदारी बनती है कि वह पीड़ित किसानों से मिलें और उनकी समस्याएं हल करवाएं। उन्होंने कहा कि कर्ज माफी के मामले में शर्तें रखना किसानों के साथ एक भद्दा मजाक है। किसान आत्महत्याओं, कर्जा व कर्ज माफी के झूठे वायदे पर बहस करने की चुनौती देते हुए खैहरा ने कहा कि कै. अमरेंद्र सिंह अपनी सुविधा के अनुसार समय, स्थान व दिन निर्धारित करके उनसे बहस करें।