Edited By Punjab Kesari,Updated: 14 Oct, 2017 05:57 PM
पंजाब में भारत पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमा सुरक्षा बल और पाकिस्तानी तस्करों के बीच गोलीबारी के बाद ....
नई दिल्ली/चंडीगढ़: पंजाब में भारत पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमा सुरक्षा बल और पाकिस्तानी तस्करों के बीच गोलीबारी के बाद जवानों ने कल देर रात मौके से चार किलो हेरोइन बरामद की। प्रत्येक पैकेट का वजन एक एक किलो है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 20 करोड रूपए आंकी गई है।
सीमा सुरक्षा बल के पंजाब फ्रंटियर के उप महानिरीक्षक सह वरिष्ठ प्रवक्ता आर.एस. कटारिया ने आज बयान जारी कर बताया कि पंजाब के फिरोजपुर सैक्टर की जे.एन. मोहम्मद सीमा चौकी पर तैनात जवानों ने कल देर रात पाक तस्करों की संदिग्ध गतिविधि देखी। सीमा सुरक्षा घेरे की तरफ बढ़ रहे तस्करों को जवानों ने ललकारा, जिसके बाद तस्करों ने गोली चला दी। जवानों की जवाबी कार्रवाई में तस्कर पाकिस्तान की तरफ भाग गए।
उन्होंने बताया कि बाद में मौके से चार पैकेट हेरोइन बरामद की गई। प्रत्येक पैकेट का वजन एक एक किलो है और अंतराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 20 करोड़ रूपए आंकी गई है। उन्होंने बताया कि बल के जवानों ने इस साल पंजाब में पाक सीमा के आसपास के इलाकों से 164 किलो से अधिक हेरोइन बरामद की है।