Edited By Punjab Kesari,Updated: 13 Sep, 2017 03:32 PM
गांव झुंबा के 2 नाबालिग युवक घर से फरार हो गए हैं, जिसके पीछे अन्य कारणों के अलावा ‘ब्लू व्हेल गेम’ के होने का शक भी माना जा रहा
भटिंडा (विजय): गांव झुंबा के 2 नाबालिग युवक घर से फरार हो गए हैं, जिसके पीछे अन्य कारणों के अलावा ‘ब्लू व्हेल गेम’ के होने का शक भी माना जा रहा है। पुलिस द्वारा दोनों की तलाश जारी है, परन्तु अभी तक पुलिस के हाथ खाली हैं। एकत्रित जानकारी के अनुसार गांव झुंबा का दलजीत सिंह (17) पुत्र छिंद्रपाल सिंह अकाल अकादमी किली निहाल सिंह वाला में 10वीं कक्षा में पढ़ता है जबकि उसका दोस्त नवदीप सिंह (15) सरकारी स्कूल गांव पिओरी में 9वीं कक्षा में पढ़ता है। ये दोनों खालसा कोचिंग सैंटर घुद्दा में ट्यूशन के लिए जाते हैं। हर रोज की तरह गत सायं 5 बजे नवदीप सिंह पुत्र सुरजीत सिंह के मोटरसाइकिल पर वे दोनों घुद्दा ट्यूशन पढऩे के लिए गए। वे हर रोज साढ़े 7 बजे तक वापस आ जाते थे परन्तु गत सायं वे वापस नहीं आए।
‘ब्लू व्हेल गेम’ में फंसे होने का शक
जैसे कि आजकल ब्लू व्हेल गेम चर्चा का विषय बनी हुई है जिसके चक्कर में नाबालिग युवक घर-परिवार छोड़कर टास्क पूरा करने के लिए निकल जाते हैं। वैसे ही शक किया जा रहा है कि ये दोनों युवक भी इसी चक्कर में फंसे हो सक ते हैं।
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
थाना नंदगढ़ के जांच अधिकारी अमरीक सिंह ने बताया कि ‘ब्लू व्हेल गेम’ या किसी द्वारा अवैध हिरासत में रखने अथवा अगवा किए जाने का शक जरूर किया जा सकता है, परन्तु अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। इसलिए वह कुछ भी कहने से पहले अन्य सुरागों की जांच कर रहे हैं तथा जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।