Edited By Updated: 17 Feb, 2017 08:44 AM
पंजाब भाजपा अध्यक्ष विजय सांपला ने कहा है कि इस विधानसभा चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन पहले से बेहतर रहेगा।
चंडीगढ़ (भारद्वाज): पंजाब भाजपा अध्यक्ष विजय सांपला ने कहा है कि इस विधानसभा चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन पहले से बेहतर रहेगा। वह वीरवार को यहां पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
‘आप’ नेता भगवंत मान के बयान कि सत्ता में आने पर वह नाभा जेल ब्रेक कांड की जांच करवाएंगे, पर सांपला ने कहा कि उन्हें शेखचिल्ली की तरह सपने देखने की आदत है, जो कि कभी पूरे नहीं होते। साथ ही कहा कि आतंकियों के साथ ‘आप’ नेताओं के संबंध लगातार उजागर हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि चुनाव में अकाली-भाजपा गठबंधन को लोगों का भरपूर समर्थन मिला और इसके प्रदर्शन में 2012 के चुनाव के मुकाबले सुधार होगा। एक सवाल के जवाब में वह बोले कि कांग्रेसी नेता नवजोत सिद्धू पहले सांसद बनकर अपने क्षेत्र से गायब रहे और अब विधायक बनने से पहले ही गायब हो गए हैं।
सांपला ने सिद्धू पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने कांग्रेस में जाकर अपना कद छोटा किया है। भाजपा में वह सांसद थे और उनकी पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू विधायक थीं जबकि कांगे्रस में वह केवल एक एम.एल.ए. सीट पर सीमित होकर रह गए हैं। ई.वी.एम. से छेड़छाड़ के ‘आप’ नेताओं के बयानों पर वह बोले कि इस पार्टी को बिना बात मुद्दे बनाने की आदत है।