Edited By Punjab Kesari,Updated: 05 Jan, 2018 02:29 AM
आम आदमी पार्टी पंजाब के वरिष्ठ नेता व विधानसभा में विपक्ष के नेता सुखपाल सिंह खैहरा आज अपने विधानसभा हलके भुलत्थ में पड़ती नगर पंचायतों के प्रधान पद के लिए हुए चुनाव में एक भी नगर कौंसिल में अपना अध्यक्ष बनाने में कामयाब नहीं हो सके। बताया जाता है...
जालन्धर: आम आदमी पार्टी पंजाब के वरिष्ठ नेता व विधानसभा में विपक्ष के नेता सुखपाल सिंह खैहरा वीरवार को अपने विधानसभा हलके भुलत्थ में पड़ती नगर पंचायतों के प्रधान पद के लिए हुए चुनाव में एक भी नगर कौंसिल में अपना अध्यक्ष बनाने में कामयाब नहीं हो सके। बताया जाता है कि आज चुनाव अधिकारियों ने भुलत्थ, ढिलवां तथा बेगोवाल में अध्यक्षों के चुनाव तय किए थे।
पिछले दिनों तीनों नगर पंचायतों के लिए चुनाव सम्पन्न हुए थे। तीनों नगर पंचायतों में कुल 37 वार्ड आते थे। इसमें से आम आदमी पार्टी केवल एक वार्ड में अपना कौंसलर निर्वाचित करवाने में कामयाब हुई थी। भुलत्थ तथा ढिलवां नगर पंचायतों में कांग्रेस अपना बहुमत हासिल करने में कामयाब हो गई थी। कांग्रेस ने भुलत्थ हलके का इंचार्ज कांग्रेसी विधायक रमनजीत सिंह सिक्की को बनाया था। इसी तरह से बेगोवाल में अकाली दल की पूर्व विधायक बीबी जगीर कौर के नेतृत्व में अकाली दल को बहुमत हासिल हुआ था।
वीरवार को हुए अध्यक्ष पदों के चुनाव में भी कांग्रेस भुलत्थ व ढिलवां में रमनजीत सिक्की के नेतृत्व में बाजी मार कर ले गई, जबकि बीबी जगीर कौर बेगोवाल में अपनी पार्टी का अध्यक्ष बनाने में कामयाब हो गई। इस तरह सुखपाल खैहरा व आम आदमी पार्टी को उनके ही हलके भुलत्थ में किरकिरी का सामना करना पड़ा है। कांग्रेस का मनोबल 2 अध्यक्ष बनवाने के बाद बढ़ा है और साथ ही सिक्की के नेतृत्व में पार्टी ने मजबूती की तरफ अपने कदम बढ़ाए हैं।