Edited By Punjab Kesari,Updated: 07 Dec, 2017 09:01 AM
दशहरा पार्क के नजदीक शहर के बीचों-बीच बुधवार की सुबह हमलावरों ने गोलियां मार कर वृद्ध अमरीक सिंह उर्फ मीका की हत्या कर दी। पुलिस इस मामले को गैंगवार से जोड़कर देख रही है। उल्लेखनीय है कि अमरीक सिंह मीका साल 2013 में गांव खुर्दा के निशान सिंह उर्फ...
गढ़दीवाला/होशियारपुर(जितेन्द्र,अमरेन्द्र): दशहरा पार्क के नजदीक शहर के बीचों-बीच बुधवार की सुबह हमलावरों ने गोलियां मार कर वृद्ध अमरीक सिंह उर्फ मीका की हत्या कर दी। पुलिस इस मामले को गैंगवार से जोड़कर देख रही है। उल्लेखनीय है कि अमरीक सिंह मीका साल 2013 में गांव खुर्दा के निशान सिंह उर्फ शाना हत्याकांड में गत माह बरी हुए प्रदीप सिंह के चाचा थे।
अमरीक सिंह की हुई हत्या के संबंध में पुलिस ने 4 लोगों के खिलाफ पर्चा दर्ज किया है, इनमें तीन आरोपी सरपंच सतनाम सिंह, जिनका चंडीगढ़ में दिन-दिहाड़े कत्ल हो गया था, के भाई हैं। इनमें से 2 विदेश में हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर-10 के रहने वाले अमरीक सिंह उर्फ मीका (57) पुत्र महंगा सिंह प्रात: लगभग 7.35 बजे किसी दुकान पर दूध देकर बाइक (नं. पी.बी.07 ए.यू. 4892) पर घर लौट रहे थे, जब वह बाजार वाली साइड से दशहरा पार्क वाली रोड पर पहुंचे तो हमलावरों ने गोलियां मार कर उनकी हत्या कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर लोग बाहर निकले लेकिन इस हत्याकांड को लेकर सभी ने चुप्पी साध रखी है।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने सुबह ठंड के कारण सड़क सुनसान होने का लाभ उठाकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया है। वहीं काफी समय तक अमरीक सिंह का शव घटनास्थल पर यूं ही पड़ा रहा। सूचना पाकर डी.एस.पी. दसूहा राजिन्द्र कुमार शर्मा, एस.एच.ओ. गढ़दीवाला जसकंवल सिंह सहोता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। एस.एस.पी. होशियारपुर जे. इलनचेलियन का कहना है कि पुलिस मामले की गहनता के साथ जांच कर रही है।
गैंगवार की जड़ें: पुलिस इस थ्यूरी पर काम कर रही है कि अमरीक सिंह की हत्या गैंगवार का नतीजा तो नहीं। इसी साल अप्रैल महीने में चंडीगढ़ में हुए गांव खुर्दा के सरपंच सतनाम सिंह हत्याकांड में अमरीक सिंह और उसके पुत्र को पुलिस ने राऊंडअप किया था लेकिन पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया था।
20 अगस्त को भी हुआ था हमला
उल्लेखनीय है कि 20 अगस्त 2017 को भी हमलावरों ने अमरीक सिंह पर गोली चलाई थी लेकिन उस समय गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा गढ़दीवाला के प्रधान कै. अवतार सिंह पुत्र गैहल सिंह को गोली लगी थी और वह जख्मी हो गए थे।
कई केस चल रहे हैं कोर्ट में
अमरीक सिंह सोमवार को कोर्ट में पेशी भुगत कर आए थे। बताया जा रहा है कि अपने भाई कुलदीप सिंह की मौत के मामले में अमरीक सिंह ने हत्या का केस दर्ज करवा रखा था और इसी सिलसिले में अमरीक सिंह ने मारपीट और गौ हत्या का भी मुकद्दमा दर्ज करवा रखा था।