Edited By Punjab Kesari,Updated: 19 Sep, 2017 10:51 AM
जिला भाजपा द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय को समर्पित उनकी जन्म शताब्दी के तहत एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया
जालंधर(पाहवा): जिला भाजपा द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय को समर्पित उनकी जन्म शताब्दी के तहत एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना ने सबका साथ-सबका विकास विषय पर गोष्ठी की अध्यक्षता की। खन्ना ने कहा कि गत 3 वर्षों के मोदी के कार्यकाल में देश विकास की बुलंदियों को छू रहा है। विश्व के 190 देशों द्वारा योग का अनुसरण करने से वह एक वैश्विक लीडर बने व स्वच्छ भारत के माध्यम से उन्होंने हमें निरोगी रहने की प्रेरणा दी। मोदी ने युवकों में नौकरी करने की बजाय नौकरी देने वाला बनने की इच्छाशक्ति जगाई।
मोदी के नेतृत्व में नया भारत वर्ष 2022 तक पुन: सोने की चिडिय़ा बनेगा। भाजपा प्रदेश के सचिव व प्रवक्ता तथा पंडित दीनदयाल जन्मशताब्दी समारोह के अंतर्गत गोष्ठी आयोजन समिति पंजाब के संयोजक दीवान अमित अरोड़ा ने कहा कि छोटे शहरों को हवाई मार्ग से जोडऩा, सभी प्रदेशों में आई.आई.टी. व आई.आई.एम. का निर्माण करना, एक्सप्रैस हाईवे का निर्माण, महिला सशक्तिकरण के तहत उज्ज्वला योजना, मुस्लिम महिलाओं को ट्रिपल तलाक से छुटकारा तथा डिजीटल इंडिया के तहत व्यापार को बढ़ावा देना अपने आप में मोदी सरकार के उल्लेखनीय कार्य हैं।
उन्होंने कहा कि डिजीटल तकनीक के तहत मोदी सरकार ने जी.एस.टी. के माध्यम से भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन देने का चमत्कारी कार्य किया है। जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश शर्मा व जिला गोष्ठी संयोजक इंजीनियर राजकुमार चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वैश्विक स्तर पर भी सभी देशों का साथ लेकर व दोस्ती गांठ कर पाकिस्तान की आतंकवादी नीतियों पर अंकुश लगाया है। वरिष्ठ भाजपा नेता कृष्ण लाल ढल्ल ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानव दर्शन की बात कही।