Edited By Punjab Kesari,Updated: 07 Sep, 2017 01:13 AM
केंद्रीय कैबिनेट में बदलाव के बाद अब केंद्रीय भाजपा तथा कुछ अन्य राज्यों में अध्यक्ष पदों को लेकर बदलाव....
जालंधर(पाहवा): केंद्रीय कैबिनेट में बदलाव के बाद अब केंद्रीय भाजपा तथा कुछ अन्य राज्यों में अध्यक्ष पदों को लेकर बदलाव की तैयारी आरंभ हो गई है। इस बदलाव के लिए अब कुछ देर इंतजार करना होगा कारण है श्राद्ध आरंभ होना।
यह बदलाव अब नवरात्रों में करने की तैयारी की जा रही है। जानकारी के अनुसार पंजाब भाजपा में भी बदलाव होना तय है, जिसके लिए मौजूदा अध्यक्ष विजय सांपला के स्थान पर किसी अन्य की ताजपोशी की जानी है। इस ताजपोशी से पहले पंजाब के कई आला नेता दिल्ली में डेरा जमाए हुए हैं। पंजाब में भाजपा अध्यक्ष के पद के लिए मुख्य तौर पर 5 नाम ही चल रहे हैं जिनमें से तीन नामों का पैनल एक-दो दिन में बन जाएगा। इस सूची में मुख्य तौर पर मंजीत सिंह राय, जीवन गुप्ता, राकेश राठौर, नरेंद्र परमार व अश्विनी शर्मा का नाम शामिल हैं। इस सूची को शार्टलिस्ट कर इसमें से तीन नाम का पैनल भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के पास जाना है।
इस पूरी प्रक्रिया को अगले एक-दो दिन में अंतिम रूप दे दिया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए किस नेता को लगाया जाए इसके लिए पार्टी में गहन विचार चल रहा है। पार्टी ने विधानसभा चुनावों में दलित वोट बैंक को कैश करने के लिए विजय सांपला को अध्यक्ष बनाया, लेकिन वह जादू नहीं दिखा पाए जिस कारण दलित वोट भाजपा के पक्ष में नहीं आया और पार्टी की किरकिरी हुई। इसी चक्कर में पार्टी अब फूंक-फूंक कर कदम रख रही है। सूत्रों का कहना है कि इसके लिए संघ के आला पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया गया तथा साथ ही प्रदेश संगठन मंत्री दिनेश कुमार को भी दिल्ली बुला कर उनसे राय ली गई।
इस राय के आधार पर पार्टी ऐसे नेता को इस पद पर तैनात कर सकती है जिसमें बुरी दशा में पहुंच चुकी पार्टी को वापस खड़ा करने की ताकत हो। इसके लिए ऐसे नेता का चयन होना तय है जो सही तौर पर जमीनी स्तर पर वर्कर के साथ जुड़ा हो। गिने चुने एक दो वर्करों के दम खम पर राजनीति करने वाले नेताओं से पार्टी पहले ही नुक्सान झेल चुकी है। सूत्रों का कहना है कि केंद्रीय भाजपा में भी कुछ बदलाव किए जाने की योजना है, जिसके लिए पार्टी में प्रक्रिया चल रही है। कैबिनेट से साइडलाइन किए गए कुछ लोगों को पार्टी में संगठन में काम करने के लिए आगे लाया जा सकता है।