Edited By Punjab Kesari,Updated: 23 Aug, 2017 11:41 AM
पूर्व मंत्री व अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया के खिलाफ आम आदमी पार्टी के पास नशा तस्करों को शरण देने के एक हजार प्रमाण हैं।
अमृतसरः पूर्व मंत्री व अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया के खिलाफ आम आदमी पार्टी के पास नशा तस्करों को शरण देने के एक हजार प्रमाण हैं। इन पर सी.बी.आई. जांच करानी चाहिए। यह बात आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने न्यायधीश अर्जुन सिंह (जे.एम.आई.सी.) की अदालत में पेशी भुगतने के बाद कचहरी परिसर में पत्रकारों से कही।
गौरतलब है कि अकाली दल के पूर्व मंत्री और वर्तमान विधायक बिक्रम सिंह मजीठिया ने पिछले साल विधानसभा चुनाव से पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, आप नेता आशीष खेतान और संजय सिंह के खिलाफ अमृतसर की अदालत में मानहानि का केस दायर किया था। पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया था कि चुनाव प्रचार के दौरान उक्त तीनों नेताओं ने गलत बयानबाजी कर उनकी छवि को जनता के सामने धूमिल किया है। इस मामले में मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को अमृतसर की अदालत ने व्यक्तिगत पेशी से छूट दी है।
संजय सिंह ने कहा कि सी.एम. कैप्टन अमरेंद्र सिंह की ड्यूटी बनती है कि जो आम आदमी पार्टी के नेताओं ने मजीठिया पर नशा तस्करी के आरोप लगाए हैं, उनकी सी.बी.आई जांच करवाई जाए, लेकिन कैप्टन ने ऐसा करवाना उचित नहीं समझा।