Edited By Punjab Kesari,Updated: 24 Jun, 2017 06:57 PM
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने शनिवार को आरोप लगाया कि शिरोमणि अकाली.....
चंडीगढ़: पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने शनिवार को आरोप लगाया कि शिरोमणि अकाली दल और आम आदमी पार्टी (आप) विधानसभा में फिक्स्ड मैच खेल रहे हैं और अपने आपसी और अंदरूनी शक्ति संघर्षों के कारण उन्होंने विधानसभा को अखाड़ा बना डाला है।
जाखड़ ने यहां संवाददाता सम्मेलन में सदन और अध्यक्ष की गरिमा को ठेस पहुंचाने के लिए विपक्षी दलों से माफी की मांग की। उन्होंने सुखबीर सिंह बादल से पूछा कि अब जब अकाली दल और आप में कथित गठजोड़ सामने आ गया है क्या वह अरविंद केजरीवाल के खिलाफ मानहानि का दावा वापस लेंगे, जिन्होंने बिक्रम मजीठिया पर ड्रग स्मगलिंग का आरोप लगाया था। क्या वह स्पीकर के खिलाफ अमर्यादित भाषा इस्तेमाल करने के लिए माफी मांगेंगे और क्या प्रकाश सिंह बादल विधानसभा में आकर विपक्ष का मोर्चा संभालेंगे।
यह पूछने पर कि कांग्रेस सरकार ने अब तक मजीठिया को गिरफ्तार क्यों नहीं किया, जाखड़ ने कहा कि कानून अपना काम करेगा और सरकार कंगारू अदालत नहीं लगा सकती। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि कैप्टन अमरेंद्र सिंह सरकार विभिन्न माफिया के खिलाफ जांच और कार्रवाई कर रही है और जिन्होंने भी कुछ गलत किया है, उन्हें भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रकाश सिंह बादल विधानसभा नहीं आ रहे हैं क्योंकि अकाली दल सदन में दरकिनार कर दिया गया है दूसरी तरफ आप में भी अंदरूनी लड़ाई चल रही है और एच.एस. फूलका अपना नेतृत्व साबित करने में लगे हैं।
उन्होंने ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि वह स्पीकर और मुख्यमंत्री से अनुरोध करेंगे कि एक मानद विपक्षी नेता का पद बनाएं, ताकि सीनियर बादल सदन में आ सकें चूंकि पूर्व मुख्यमंत्री पहचान की दिक्कत और पार्टी के सदन में तीसरे स्थान पर खिसक जाने के कारण सदन की कार्यवाही में हिस्सा नहीं ले पा रहे हैं। उन्होंने अध्यक्ष से आप सदस्यों के प्रति भी नरमी बरतने और उन्हें प्रशिक्षित करने का अनुरोध किया, क्योंकि वह पहली बार चुने गए हैं।