Edited By Punjab Kesari,Updated: 15 Mar, 2018 08:42 AM
थाना बस्ती जोधेवाल के अधीन पड़ते इलाके सयास नगर में एक बच्ची का शव झाडि़यों से मिला है।
लुधियाना (महेश): नगर में हुई एक दिलदहला देनी वाली घटना में 6 साल की मासूम बच्ची से रेप के बाद उसकी निर्मम हत्या करने वाले 38 वर्षीय आरोपी प्रमोद कुमार उर्फ पंडित को पुलिस ने घटना पता चलने के 2 घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जिला गोंडा का रहने वाला प्रमोद बस्ती जोधेवाल के संन्यास नगर में रहता है और वेटर का काम करता है। उसने पुलिस के समक्ष अपना अपराध कबूल कर लिया है। इलाके के लोगों ने आरोपी को मृत्यदंड देने की मांग की है। बताया जाता है कि करीब 6 महीने पहले उत्तर प्रदेश के जिला संत कबीर नगर की रहने वाली बच्ची अपनी माता व 2 बहनों के साथ लुधियाना आई थी। 3 बहनों में वह सबसे बड़ी थी और आंगनबाड़ी स्कूल में पढ़ती थी। उसका पिता पहले से ही यहां रहता है और मजदूरी करता है।
मंगलवार शाम को करीब 7.30 बजे प्रमोद बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके बाद न तो बच्ची वापस घर लौटी और न ही प्रमोद। करीब आधे घंटे बाद पिता काम से घर लौटा तो उसकी पत्नी ने बेटी के लापता होने की जानकारी उसे दी। इलाके के लोग रात भर उसके साथ बच्ची और प्रमोद को खोजते रहे लेकिन दोनों का कुछ पता नहीं चला।
बुधवार प्रात: करीब 7.30 बजे इलाके के लोगों ने एक खाली प्लाट में खून से लथपथ बच्ची की अद्र्धनग्न लाश पड़ी देखी। उन्होंने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। जानकारी मिलने पर बच्ची के माता-पिता भी वहां पहुंच गए जिन्होंने लाश की शिनाख्त अपनी बेटी के रूप में की। जहां बच्ची की लाश मिली उससे मात्र 20 कदमों की दूरी पर ही उसका घर है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर आर.एन. ढोके सहित कई आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय का आश्वासन दिया। पुलिस ने तत्काल हरकत में आते हुए प्रमोद को काबू कर लिया। बच्ची के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या व रेप का केस दर्ज किया गया है।