Edited By Punjab Kesari,Updated: 22 Nov, 2017 01:13 PM
एस.टी.एफ. टीम ने गत रात्रि 2 व्यक्तियों को 5 किलो अफीम सहित गिरफ्तार करके थाना मेहरबान में एन.डी.पी.एस. एक्ट के अधीन मामला दर्ज कर लिया है। एस.टी.एफ. के इंचार्ज हरबंस सिंह ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि एस.आई. जसपाल सिंह की पुलिस पार्टी...
लुधियाना(अनिल): एस.टी.एफ. टीम ने गत रात्रि 2 व्यक्तियों को 5 किलो अफीम सहित गिरफ्तार करके थाना मेहरबान में एन.डी.पी.एस. एक्ट के अधीन मामला दर्ज कर लिया है। एस.टी.एफ. के इंचार्ज हरबंस सिंह ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि एस.आई. जसपाल सिंह की पुलिस पार्टी ने थाना मेहरबान के अधीन आते गांव धौला के टी-प्वाइंट पर नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर पुलिस पार्टी ने एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार को रुकने का इशारा किया। हालांकि चालक ने कार को पीछे भगाने की कोशिश की, परंतु पुलिस ने उसे घेर लिया। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो उसमें एक प्लास्टिक के लिफाफे में से 5 किलो अफीम बरामद हुई। पुलिस ने दोनों कार सवारों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान लक्खा सिंह पुत्र अमरीक सिंह निवासी कर्ण विहार कालोनी करनाल (हरियाणा) तथा राकेश कुमार सोनू पुत्र सुरिन्द्र कुमार निवासी गांव रावत करनाल के रूप में हुई है।
आरोपी 3 दिन के रिमांड पर
एस.टी.एफ. इंचार्ज हरबंस सिंह ने कहा कि आज दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करके 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, उनसे गहन पूछताछ की जाएगी, ताकि पता चल सके कि उनके साथ और कौन-कौन से लोग जुड़े हुए हैं।
एक डेयरी चलाता है तो दूसरा टैक्सी चालक
एस.टी.एफ. के इंचार्ज हरबंस सिंह ने बताया कि पूछताछ दौरान लक्खा सिंह व राकेश कुमार ने बताया कि वे उक्त अफीम की खेप उ.प्र. से नेता नामक व्यक्ति से लेकर आए हैं और पिछले लम्बे समय से अफीम का कारोबार कर रहे हैं।
जांच अधिकारी ने कहा कि लक्खा सिंह डेयरी का काम करता है और राकेश कुमार टैक्सी चालक है। इसी दौरान दोनों की नेता नामक व्यक्ति से जान-पहचान हुई और उक्त दोनों अफीम का कारोबार करने लगे पड़े, जो कि पंजाब में अपने ग्राहकों को नशीले पदार्थ सप्लाई करते थे।
80 हजार की लाकर 2 लाख में बेचते थे
हरबंस सिंह ने कहा कि दोनों आरोपियों ने बताया कि वे उ.प्र. के नेता नामक व्यक्ति से 80 हजार रुपए किलो में अफीम लाकर यहां 2 लाख रुपए में बेचते थे। दोनों पंजाब के अलावा हरियाणा के कई इलाकों में ग्राहकों को भारी मात्रा में अफीम सप्लाई कर चुके हैं।
शिंदा नामक व्यक्ति को बेचने आए थे खेप
हरबंस सिंह के अनुसार जांच दौरान दोनों आरोपियों ने बताया कि वे 5 किलो अफीम आज शिंदा नामक व्यक्ति को मेहरबान के इलाके में बेचने आए थे। अफीम फोन पर ही रेट तय करके ग्राहकों को पहुंचाते थे, लेकिन आज एस.टी.एफ. के हत्थे चढ़ गए। आरोपियों ने जिस व्यक्ति को अफीम की सप्लाई देनी थी, पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है। हरबंस सिंह ने बताया कि राकेश कुमार पर मधुवन थाने में लड़ाई-झगड़े का मामला दर्ज है, जिस पर वह जमानत पर बाहर आया हुआ है।