Edited By Punjab Kesari,Updated: 26 May, 2017 11:11 AM
पाकिस्तान के नागरिक मोहम्मद एजाज फरहान की हत्या के मामले में दुबई की जेल में बंद 10 पंजाबियों की रिहाई का रास्ता साफ हो गया है।
दुबई/होशियारपुर : पाकिस्तान के नागरिक मोहम्मद एजाज फरहान की हत्या के मामले में दुबई की जेल में बंद 10 पंजाबियों की रिहाई का रास्ता साफ हो गया है। वीरवार को इस मामले में अदालत में हुई सुनवाई के दौरान अदालत ने इन कैदियों को 1 साल से लेकर साढ़े 3 साल तक की सजा सुनाई है। ये कैदी 15 जुलाई, 2015 से जेल में बंद हैं लिहाजा इनमें से 5 कैदियों का अगले एक हफ्ते के अंदर भारत वापसी का रास्ता साफ हो गया है जबकि शेष 5 कैदी अक्तूबर से लेकर जनवरी के मध्य तक भारत आ सकते हैं। प्रसिद्ध समाजसेवी, उद्योगपति और सरबत का भला ट्रस्ट के प्रमुख एस.पी. सिंह ओबराय ने इन नौजवानों की सजा माफ करवाने के लिए मृतक के परिवार को 2 लाख दरहम की ब्लड मनी दी थी, जबकि इन नौजवानों को छुड़वाने के लिए ओबराय ने कुल 60 लाख रुपए खर्च किए हैं।
उल्लेखनीय है कि एस.पी. सिंह ओबराय ने 2013 में 17 भारतीयों को ब्लड मनी देकर छुड़वा लिया था। वह अब तक विभिन्न देशों के 78 ऐसे लोगों को ब्लड मनी देकर छुड़वा चुके हैं जिन्हें खाड़ी देशों में फांसी की सजा सुनाई गई थी। 10 पंजाबियों की रिहाई के बाद यह गिनती 88 तक पहुंच जाएगी।
किसको कितनी सजा हुई
1 चन्द्रशेखर और चमोर सिंह-साढ़े 3 साल
2 सतमिन्द्र सिंह, धर्मवीर सिंह, गुरप्रीत सिंह-3 साल
3 बलविन्द्र सिंह, हरजिन्द्र सिंह-डेढ़ साल
4 तरसेम सिंह, कुलविन्द्र सिंह और जगजीत सिंह-1 साल
अदालती कार्रवाई के बाद मैंने यू.ए.ई. में भारत के राजदूत के साथ मुलाकात की है और इनमें से 5 कैदियों की वापसी के लिए दस्तावेज अगले 4-5 दिन में तैयार हो जाएंगे। इन कैदियों की भारत वापसी की टिकट का खर्चा भी भारतीय दूतावास वहन करेगा। -एस.पी. सिंह ओबराय, उद्योगपति दुबई