Edited By Updated: 20 Jan, 2017 12:06 PM
पंजाब विधान सभा चुनाव को लेकर जब गायक रेशम सिंह अनमोल से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मेरे सपनों का पंजाब एक ऐसा माडर्न पंजाब है जो आज तेजी से आगे बढ़ रही दुनिया के हर कदम से कदम मिलाकर चल रहा है।
पंजाब विधान सभा चुनाव को लेकर जब गायक रेशम सिंह अनमोल से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मेरे सपनों का पंजाब एक ऐसा माडर्न पंजाब है जो आज तेजी से आगे बढ़ रही दुनिया के हर कदम से कदम मिलाकर चल रहा है। एक ऐसा पंजाब जो पंजाबी विरसे को संभाले हुए है। मौजूदा पंजाब मेरे सपनों जैसा ही है। यह पंजाब काफी हद तक तरक्की की ओर बढ़ रहा है। पंजाब अन्य राज्यों से बेहतर है। आज जरूरत है कई और सुधारों की जिससे यह और भी बेहतर बन सकता है।
पंजाब में ट्रैफिक व्यवस्था चरमराई हुई है। लोगों में ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता नहीं है। जो जागरूक हैं उनमें से अधिकतर इसका पालन नहीं करना चाहते। अधिकतर जी.टी. रोड, ङ्क्षलक रोड व शहरों एवं गांवों की सड़कों पर से रोड साइन ही गायब हैं। पंजाब में फैलते नशे को रोकने के लिए नौजवानों को खेलों की तरफ और उत्साहित करना होगा। पंजाब युवाओं के जोश के लिए दुनिया भर में माना जाता है, पर पंजाब के युवाओं से ज्यादा अन्य राज्यों के युवा ओलिम्पिक मैडल ला रहे हैं। नौजवानों को खेलों के प्रति उत्साहित करने के लिए बचपन से ही स्कूलों में हैल्थ एजुकेशन व उनकी डाइट की तरफ ध्यान देने की जरूरत है। पंजाब में अलग से एक कल्चरल विंग भी होना चाहिए जिसके पास कलाकारों, लेखकों व कवियों के लिए अलग से फंड होना चाहिए ताकि किसी भी गरीब कलाकार, लेखक व कवि को बुढ़ापे में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
परिवर्तन कुदरत का नियम है। पुरातन पंजाब से आज का पंजाब काफी तरक्की कर गया है लेकिन आज जरूरत है अपने बुजुर्गों का मान-सम्मान वैसे ही कायम रखने की। आज पंजाबी देश के कोने-कोने में बसे हैं। उन्होंने दुनिया में अलग पहचान बना ली है। यह सब कुछ पंजाब के अमीर विरसे के कारण ही हो सका है। आज दुनिया भर के लोग पंजाबी कल्चर को अपनाने में लगे हैं। पंजाब में फैलती बेरोजगारी का मुख्य कारण बढ़ती आबादी भी है। मैं नौजवानों से यह अपील करना चाहूंगा कि वे रोजगार के लिए समय की सरकारों पर निर्भर न हों। खुद स्वरोजगार को अपनाएं। रोजगार संबंधी शिक्षा की तरफ ध्यान दें।