Edited By Updated: 14 Sep, 2016 03:52 PM
पंजाब विधानसभा में पिछले 2 दिनों से धरने पर बैठे कांग्रेसियों ने बुधवार को भी सदन में जबरदस्त हंगामा कर दिया।
चंडीगढ़(भुल्लर): पंजाब विधानसभा में पिछले 2 दिनों से धरने पर बैठे कांग्रेसियों ने बुधवार को भी सदन में जबरदस्त हंगामा कर दिया। विधानसभा के अंदर ही कांग्रेस विधायक तरलोचन सिंह सूंढ ने कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया पर जूता फैंक दिया। इसके बाद वहां बवाल मचा हुआ है।
मजीठिया पर नहीं बल्कि वल्टोहा पर फैंका था जूताः तरलोचन
वहीं इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस विधायक तरलोचन सिंह सूंढ ने कहा कि उन्होंने मजीठिया पर नहीं बल्कि अकाली विधायक विरसा सिंह वल्टोहा पर जूता फैंका था। सूंध ने कहा कि वल्टोहा ने उन्हें कथित तौर पर जातिगत गाली दी थी।
छुट्टी वाले दिन विधान सभा में डटे रहे कांग्रेसी
बता दें कि विपक्ष का अविश्वास प्रस्ताव बिना किसी चर्चा के पास करने के विरोध में 2 दिन से विधानसभा में डटे कांग्रेस विधायकों ने मंगलवार को बकरीद की छुट्टी होने के बावजूद भी धरना दिया। इससे पहले कांग्रेस विधायकों ने सोमवार की रात सदन में ही गुजारी। इस दौरान सदन की लाइट और ए.सी. भी बंद कर दिए गए थे।
बैरंग लौटे सी.एम. बादल
उधर दोपहर को मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल भी कांग्रेस विधायकों को मनाने के लिए विधानसभा पहुंचे लेकिन वे अपने फैसले पर अडिग रहे और उन्हें बैरंग लौटा दिया। मुख्यमंत्री बादल ने कहा, ‘‘आपको परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे मुझे भी दुख पहुंचा है इसलिए धरना समाप्त कर दें।’’