Edited By Updated: 04 Mar, 2016 01:06 PM
आम आदमी पार्टी के सांसद भगवंत मान द्वारा अकाली नेताओं पर नशे के आरोप लगाते हुए उनके डोप टैस्ट करवाने की ..
चंडीगढ़ (भुल्लर): आम आदमी पार्टी के सांसद भगवंत मान द्वारा अकाली नेताओं पर नशे के आरोप लगाते हुए उनके डोप टैस्ट करवाने की उठाई जाने वाली मांग के संबंध में वरिष्ठ मंत्री अजीत सिंह कोहाड़ ने भगवंत मान को चुनौती दी है।
उन्होंने कहा कि मान औरों के डोप टैस्ट की मांग करते हैं। मैं उन्हें खुलेआम कहता हूं कि वह मेरे साथ अपना डोप टैस्ट करवाएं। जिसमें थोड़ा-सा भी नशा मिले, उसे फांसी पर लटका दिया जाए। कोहाड़ ने कहा कि भगवंत मान ने गाने-बजाने व नशे के सिवाय और किया ही क्या है। वह तो शराब पीकर बरगाड़ी में श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पाठ के भोग पर भी पहुंच गए थे।
इससे पहले कैबिनेट मंत्री सिकंदर सिंह मलूका भी पिछले दिनों भगवंत मान को चुनौती दे चुके हैं। कोहाड़ ने कहा कि बिक्रम सिंह मजीठिया पर नशे के मामलों में लगाए जाने वाले आरोप बेबुनियाद हैं। वह एक गुरु सिख परिवार से हैं, जो ऐसे कर्म के नजदीक भी नहीं जा सकते। उन्होंने कहा कि केजरीवाल भी पंजाब में झूठी बातें करके लोगों को गुमराह करने आए थे परंतु यहां के लोग समझदार हैं। वे ऐसी बातों में नहीं आते। कोहाड़ ने बादल परिवार द्वारा ट्रांसपोर्ट विभाग के कार्यों में दखल देने बाबत लगाए गए आरोपों को भी गलत बताते हुए कहा कि वह अपने विभाग में पूरी तरह स्वतंत्र तौर पर कार्य करते हैं।