Edited By Updated: 22 Jun, 2016 12:35 PM
थाना भादसों के अधीन आते गांव बहबलपुर में एक प्रेमी जोड़े के प्रेम संबंधों को विवाह के बंधन में बांधते हुए
भादसों : थाना भादसों के अधीन आते गांव बहबलपुर में एक प्रेमी जोड़े के प्रेम संबंधों को विवाह के बंधन में बांधते हुए पंचायत द्वारा तय किए गए विवाह वाले दिन दुल्हन के परिवार द्वारा बारात का इंतजार किया जा रहा था और दुल्हन भी पूरी तरह सज कर दूल्हे मीयां का इंतजार कर रही थी, लेकिन उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब दूल्हा ही गायब हो गया।
गांव बहबलपुर की 21 वर्षीय लड़की शालू पुत्री राम कुमार ने बताया कि पिछले 8 वर्षों से गांव के ही एक नौजवान गुरप्रीत सिंह पुत्र दयाल सिंह के साथ उसके प्रेम संबंध थे। पीड़ित लड़की ने बताया कि गुरप्रीत अक्सर उनके घर आता-जाता था व कई बार वह देर रात तक उनके घर भी रहता था जिससे उसके पारिवारिक सदस्यों को भी कोई परेशानी नहीं थी। बेशक लड़के का परिवार इस प्रेम विवाह से खुश नहीं था, पर गांव के मौजूदा सरपंच मनजीत सिंह व पंचायत के गण्यमान्यों ने लड़के-लड़की दोनों के विवाह के लिए सोमवार का दिन तय किया।
जानकारी के अनुसार विवाह वाले दिन दुल्हन बनी लड़की व उसका परिवार दूल्हे गुरप्रीत सिंह सहित बारात का इंतजार कर रहे थे। जब तय समय पर दूल्हा नहीं आया तो इसकी जानकारी थाना भादसों में दी गई।
पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने पर पीड़ित परिवार ने चक्का जाम कर दिया। इस दौरान पहुंचे थाना भादसों के मुखी धर्म देव ने धरनाकारियों को इंसाफ का भरोसा दिलाकर सड़क से धरना हटवाया।