Edited By Updated: 17 Oct, 2016 12:44 PM
प्रदेश की बादल सरकार ने अपने कार्यों का गुणगान व अपने विकास कार्यों का प्रचार करने के लिए करोड़ों की संख्या में किताबें छपवाई हैं।
पटियाला (राजेश): प्रदेश की बादल सरकार ने अपने कार्यों का गुणगान व अपने विकास कार्यों का प्रचार करने के लिए करोड़ों की संख्या में किताबें छपवाई हैं। इन किताबों को बांटने की जिम्मेदारी विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को दी गई है। जैसे ही ये किताबें कांग्रेसियों के घरों में पहुंचीं तो उनका पारा चढ़ गया क्योंकि इस किताब में गत 9 वर्ष दौरान शाही शहर पटियाला में 7120 करोड़ रुपए खर्च किया हुआ दिखाया गया है।
सरकार की इन किताबों को झूठ का पुलिंदा बताते हुए पंजाब कांग्रेस अर्बन डिवैल्पमैंट सैल के प्रदेश चेयरमैन, निगम में विपक्ष के नेता संजीव शर्मा बिट्टु और जिला अर्बन डिवैल्पमैंट सैल के चेयरमैन विजय कुमार कूका की अगुवाई में प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेसियों ने अपने घरों में पहुंची इन किताबों को अग्नि भेंट कर दिया। कांग्रेसियों ने किताबों को अपने हाथों में लेकर बादल सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसमें पंजाब कांग्रेस व्यापार सैल के वाइस चेयरमैन अतुल जोशी, जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष महेश शर्मा, पिंकी पंडित, जिला महासचिव मंगत राय के अलावा कई कांग्रेसी नेताओं ने शिरकत की।
इस दौरान संजीव बिट्टु व विजय कुमार कूका ने कहा कि साढ़े 9 वर्षों दौरान बादल सरकार ने पटियाला में एक फूटी कौड़ी भी खर्च नहीं की जबकि किताब में बताया गया है कि पटियाला में 7120 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पटियाला शहर की हालत बद से बदतर हो गई है सभी सड़कों पर 3-3 फीट गहरे गड्ढे पड़े हुए हैं, सीवरेज जाम रहता है, स्ट्रीट लाइटें बंद रहती हैं, शहर के तमाम पार्कों की हालत खस्ता है, लोगों को पीने के लिए स्वच्छ पानी नहीं मिल रहा। ऐसे में 7 हजार करोड़ कहां खर्च किया गया है? इस बारे में सरकार को बताना चाहिए। उन्होंने कहा कि पटियाला शहर के प्रत्येक मोहल्ले के लोग रोजाना विकास न होने के चलते धरने प्रदर्शन कर रहे हैं।