Edited By Updated: 28 Aug, 2016 12:32 PM
सेल टैक्स चोरों के एक गिरोह के करीब आधा दर्जन...
समाना(अशोक): सेल टैक्स चोरों के एक गिरोह के करीब आधा दर्जन सदस्यों ने सुबह करीब 4 बजे नया गांव सेल टैक्स बैरियर पर तैनात पंजाब पुलिस के एक मुलाजिम राजिंद्र सिंह पर हमला कर दिया। घायल पुलिस मुलाजिम को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
राजिंद्र सिंह ने बताया कि वह सुबह सेल टैक्स विभाग के लोगों के साथ टैक्स चोरी को रोकने के लिए समाना की माइसर रोड पर नाका लगाए हुए थे।
इसी दौरान एक कैंटर पंजाब से हरियाणा की सीमा की तरफ जा रहा था। उन्होंने जब उसे रोक कर उसमें लोड किए गए माल के कागजात की जांच करनी चाही तो दो स्कार्पियो गाडियों में सवार करीब आधा दर्जन लोग भी वहां आ पहुंचे। जैसे ही विभाग के लोगों ने कागजात की जांच की तो वे कागजात केवल पंजाब से संबंधित थे। विभाग के अफसरों ने ट्रक में लोड किए गए माल को बैरियर से न ले जाकर गांव के कच्चे रास्ते से ले जाने पर टैक्स चोरी किए जाने की शंका जाहिर की तो स्कार्पियो गाडियों में सवार लोगों ने उनसे हाथापाई शुरू कर उन पर हमला बोल दिया। राजिंद्र सिंह ने बताया कि हमलावरों ने उसकी वर्दी फाड़ दी और उसके शरीर पर ताबड़-तोड़ हमला कर उसे बुरी तरह से घायल कर दिया। उसने बताया कि वह सभी हमलावरों को पहचानता है।
इस संबंधी सेल टैक्स विभाग की ई.टी.ओ. जसमीत कौर से सम्पर्क करने पर उन्होंने बताया कि वह बैठक में हैं। इस संबंधी ई.टी.आई. रमेश कुमार से बात करें। इसके बाद जब रमेश कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि वह टैक्स चोरी को रोकने के लिए नाका लगाए हुए थे।
इसी दौरान जब वह कैंटर के कागजात की जांच कर रहे थे तो करीब आधा दर्जन लोगों ने उन पर हमला बोल दिया। इससे एक पुलिस मुलाजिम घायल हो गया। इस घटना की जानकारी समाना पुलिस को दे दी गई है। सिटी थाना के ए.एस.आई. सुरजन सिंह से सम्पर्क करने पर उन्होंने बताया कि सिविल अस्पताल में भर्ती पुलिस मुलाजिम के बयान दर्ज किए गए हैं। उसके द्वारा बताई गई हमलावरों की पहचान पर परमजीत सिंह, इंद्रजीत सिंह, आशू, बंटी व दविंद्र सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।