Edited By Punjab Kesari,Updated: 27 Jan, 2018 05:21 PM
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने पूर्व आई.ए.एस. अधिकारी कोपुल्ला राजू का चयन अपनी कोर टीम के प्रमुख के रूप में किया है।
जालंधर (धवन): कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने पूर्व आई.ए.एस. अधिकारी कोपुल्ला राजू का चयन अपनी कोर टीम के प्रमुख के रूप में किया है। कांग्रेसी हलकों से पता चला है कि दलित समुदाय से संबंधित राजू अब राहुल गांधी की कोर टीम के प्रमुख के रूप में कार्य करेंगे। 61 वर्षीय राजू अब कांग्रेस अध्यक्ष के 12 तुगलक लेन स्थित आवास स्थान से अपना कार्य करेंगे। राजू अगस्त 2013 से कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग के प्रमुख के तौर पर कार्य कर रहे थे।
कांग्रेसी हलकों ने बताया कि राजू को पेशेवर लोगों व कांग्रेस के युवा नेता उनके कार्य में सहयोग देंगे। राहुल गांधी के अधिकारिक कार्यों को अब राजू देखा करेंगे। राजू के आगे आने के बाद संगठन में भी आने वाले दिनों में कुछ फेरबदल किए जाने के आसार हैं। राजू वास्तव में आंध्र प्रदेश से संबंध रखते हैं तथा आंध्र प्रदेश कैडर से ही वह आई.ए.एस. के पद पर कार्य करते रहे। 2013 में राजू ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली थी। अब राजू के कंधों पर भविष्य के लिए राहुल की टीम को उभारने की जिम्मेदारी रहेगी। पार्टी अधिकारियों ने बताया कि देश के विभिन्न राज्यों में भी कांग्रेस को मजबूती देने के लिए राजू कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को महत्वपूर्ण सुझाव दे सकते हैं। 2019 में लोकसभा के होने वाले चुनाव को देखते हुए राजू की नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कांग्रेसी हलकों ने बताया कि राहुल गांधी ने अगले कुछ दिनों में मध्य प्रदेश, ओडिशा तथा बिहार इकाइयों में फेरबदल करना है, इसे देखते हुए भी आने वाले दिनों में कांग्रेस के अंदर सियासी गतिविधियां तेज होंगी। इसके साथ साथ इस वर्ष होने वाले विभिन्न राज्य विधानसभा चुनावों को लेकर भी राजू की भूमिका को परखा जाएगा। राहुल गांधी द्वारा विभिन्न राज्यों के दौरों के दौरान उठाए जाने वाली सियासी मुद्दों को लेकर भी राजू द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष को महत्वपूर्ण सलाह दी जाएगी।