Edited By Updated: 24 Feb, 2017 09:57 AM
इंडियन नैशनल लोकदल (इनेलो) द्वारा 23 फरवरी को हरियाणा के अम्बाला जिले के इस्माईलपुर में एस.वाई.एल. नहर की खुदाई करना नाकाम रहा।
पटियाला(राजेश): सतलुज-यमुना लिंक नहर खोदने के उद्देश्य से पंजाब में दाखिल होने पर इंडियन नैशनल लोक दल (इनैलो) के नेता अभय चौटाला, अर्जुन चौटाला, 2 मैंबर पार्लियामैंट व 18 विधायकों समेत 73 नेताओं को गिरफ्तार कर पटियाला की केंद्रीय जेल में बंद कर दिया गया है।
इन नेताओं को आज शाम करीब 4 बजे शंभू बार्डर पर धारा 144 का उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था व थाना शंभू में उनके खिलाफ धारा 188 के तहत एफ.आई.आर. नंबर 14 दर्ज की गई थी।
देर रात करीब 9 बजे इन नेताओं को एस.डी.एम. राजपुरा हरप्रीत सिंह सूदन की अदालत में पेश किया गया। उन्होंने इनको 27 फरवरी तक न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए। इसके उपरांत पुलिस इनको पटियाला केंद्रीय जेल में ले गई।
इससे पहले आज दोपहर बाद इनैलो की तरफ से अंबाला की सब्जी मंडी में रखी गई रैली समाप्त होने के बाद हजारों की संख्या में इनैलो के कार्यकत्र्ता पंजाब की तरफ आ चले और रास्ते में इन्होंने हरियाणा पुलिस की तरफ से लगाए बैरीकेड भी तोड़ फैंके। इन कार्यकत्र्ताओं का नेतृत्व करते हुए अभय चौटाला और अर्जुन चौटाला तकरीबन पौने 4 बजे पंजाब में दाखिल हुए।
अढ़ाई हजार के करीब इन वर्करों ने टोल प्लाजा के पास लगे पंजाब के बैरीकेड फांदने के प्रयत्न किए तो पुलिस ने इनको बैरीकेड लांघने न दिया। इस पर इन्होंने अपने साथ लाई कस्सी के साथ पंजाब की धरती पर मिट्टी खोदनी शुरू कर दी। इस पर पंजाब पुलिस ने लाऊड स्पीकर से इनको ऐसा करने से मना करते हुए चेतावनी दी कि यदि वे न हटे तो उनको गिरफ्तार कर लिया जाएगा परंतु जब इसके बावजूद भी ये नेता न हटे तो पंजाब के ए.डी.जी.पी. (ला एंड आर्डर) हरदीप सिंह ढिल्लों ने पंजाब पुलिस की टुकड़ी को इन नेताओं को गिरफ्तार करने का इशारा कर दिया।
डी.आई.जी. आशीष चौधरी के नेतृत्व में पंजाब पुलिस की टुकड़ी ने अभय चौटाला, अर्जुन चौटाला व अन्य नेताओं को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए नेताओं को पहले से लाई गई तीन बसों में बिठा कर पुलिस शंभू थाने ले गई। गिरफ्तार किए गए नेताओं में इनैलो के प्रधान अशोक अरोड़ा, पूर्व मंत्री रामपाल माजरा, कुलदीप सिंह मंगाली, अशोक कुमार, जसवीर राणा, तेजवीर सिंह, जगमाहल सिंह, राजू मौली, सतनाम सिंह, पदम सिंह, वेद नारंग आदि के नाम शामिल हैं।
पुलिस ने हरियाणा के साथ लगती सरहद से लेकर राजपुरा तक राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर-1 को आम ट्रैफिक के लिए बंद किया हुआ था और हरियाणा की तरफ से बड़ी संख्या में बैरीकेड लगाए हुए थे। कुछ स्थानों पर कंटीली तार भी लगाई हुई थी।