Edited By Updated: 23 Jan, 2017 10:07 AM
भाजपा का साथ छोड़ कांग्रेस का हाथ थामने वाले पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं।
नई दिल्ली/अमृतसर: भाजपा का साथ छोड़ कांग्रेस का हाथ थामने वाले पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। सिद्धू कांग्रेस के लिए नए विवाद का कारण बन सकते हैं। दरअसल सिद्धू अमृतसर ईस्ट से चुनाव लड़ रहे हैं, वहीं से सिद्धू के समर्थकों ने पोस्टर लगाकर अपील की है कि उनको पंजाब का सीएम बनाने के लिए कांग्रेस को वोट दें। बता दें कि भले ही कैप्टन सिद्धू की तारीफ कर रहे हों लेकिक दोनों के बीच रिश्ते उतने सामान्य नहीं हैं।
ऐसे में ये पोस्टर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन अमरेंदर सिंह और सिद्धू के रिश्तों को लेकर कांग्रेस के लिए परेशानी का सबब बन सकते हैं क्योंकि पंजाब में कांग्रेस कैप्टन के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ रही है। हालांकि पार्टी ने अभी तक मुख्यमंत्री पद के नाम का ऐलान नहीं किया है। हलके में लगे इन पोस्टरों में सिद्धू के साथ कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी हैं।
केजरीवाल के निशाने पर कांग्रेस
आम आदर्मी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इस पोस्टर पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव से कुछ दिन पहले ही सिद्धू और कैप्टन के बीच युद्ध शुरू हो गया है। वहीं आप के ही संजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस बुरी तरह हार रही है लेकिन सीएम का सपना सिद्धू व अमरिंदर दोनों देख रहे हैं।