Edited By Punjab Kesari,Updated: 28 May, 2017 05:07 PM
पंजाब पुलिस के पूर्व महानिदेशक स्व. के.पी.एस. गिल का अंतिम संस्कार 28 मई को शाम 4 बजे दिल्ली के लोधी रोड स्थित श्मशानघाट में किया जाएगा।
नई दिल्ली/जालंधर(धवन): पंजाब पुलिस के पूर्व महानिदेशक स्व. के.पी.एस. गिल का अंतिम संस्कार 28 मई को शाम 4 बजे दिल्ली के लोधी रोड स्थित श्मशानघाट में किया जाएगा। गिल का कल देहांत हो गया था। बताया जाता है कि विदेश से कुछ पारिवारिक सदस्यों ने दिल्ली पहुंचना है, जिस कारण उनका अंतिम संस्कार शनिवार को नहीं हो सका। केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह आज दिल्ली में गिल के निवास स्थान पर पहुंचे तथा उन्होंने गिल के पार्थिव शरीर पर फूल माला अर्पित करके उन्हें श्रद्धांजलि दी।
पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह तथा पंजाब के डी.जी.पी. सुरेश अरोड़ा ने भी गिल को श्रद्धांजलि दी। आतंकवाद विरोधी फ्रंट के राष्ट्रीय संयोजक मनिन्द्रजीत सिंह बिट्टा भी आज सारा दिन दिल्ली में गिल के निवास स्थान पर रहे तथा उन्होंने भी गिल को श्रद्धासुमन अर्पित किए। सी.आर.पी.एफ. के महानिदेशक भी गिल को श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
इसके अलावा कई सियासी दलों के नेता भी गिल के आवास पर आते रहे। राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने भी गिल के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि पंजाब में कानून व्यवस्था और सुरक्षा का माहौल बनाने में उनके योगदान को याद किया जाएगा। पूर्व पुलिस महानिदेशक स्व. के.पी.एस. गिल के साथ पिछले 30-30 वर्षों से सुरक्षा सेवा निभाने वाले सी.आर.पी.एफ. तथा पंजाब पुलिस के सुरक्षा कर्मचारियों की भी आंखें नम हैं।