Edited By Updated: 21 Mar, 2017 10:50 AM
पंजाब विधानसभा चुनाव में मिली जीत को कांग्रेस दिल्ली नगर निगम चुनाव में भुनाने की तैयारी कर रही है।
जालंधर/नई दिल्लीः पंजाब विधानसभा चुनाव में मिली जीत को कांग्रेस दिल्ली नगर निगम चुनाव में भुनाने की तैयारी कर रही है। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू को चुनाव प्रचार में उतारने की योजना है। इनके साथ ही पूर्वांचल और मुस्लिम चेहरे भी चुनाव प्रचार में उतारे जाएंगे।
पंजाब के इन नेताओं के साथ ही अन्य वर्गों के लोकप्रिय नेताओं को चुनाव प्रचार में उतारा जाएगा। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि आरक्षण के लिए हरियाणा में चल रहे जाट आंदोलन का असर दिल्ली में भी पड़ेगा, इसलिए हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा व अन्य जाट नेता भी चुनाव प्रचार करेंगे।
दिल्ली देहात के इलाके में हरियाणा के नेताओं की विशेष भूमिका रहेगी। दिल्ली में रहने वाले पूर्वांचल के लोगों को अपने साथ जोड़ने के लिए बिहार और उत्तर प्रदेश के नेताओं को उतारा जाएगा। इसी तरह से मुस्लिम मतदाताओं का समर्थन हासिल करने के लिए भी योजना बनाई जा रही है।
साथ ही खिलाड़ियों और अभिनय क्षेत्र से जुड़े लोगों की भी तलाश की जा रही है। भाजपा फोगाट बहनों और शिखर धवन को उतारने जा रही है। इसी तरह कांग्रेस भी लोकप्रिय चेहरों को अपने साथ जोड़ना चाहती है। अगले कुछ दिनों में प्रचार अभियान समिति का गठन कर लिया जाएगा। समिति स्टार प्रचारकों की सूची तैयार करेगी।