Edited By Punjab Kesari,Updated: 30 May, 2017 09:02 AM
पंजाब विधानसभा चुनाव के बाद पहली बार पंजाब आए आम आदमी पार्टी के कन्वीनर अरविन्द केजरीवाल ने आयोजित कार्यक्रम में वालंटियरों को संबोधित किया। उ
अमृतसर (पुरी): पंजाब विधानसभा चुनाव के बाद पहली बार पंजाब आए आम आदमी पार्टी के कन्वीनर अरविन्द केजरीवाल ने आयोजित कार्यक्रम में वालंटियरों को संबोधित किया। उन्होंने गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी, नशे जैसे गंभीर मुद्दों को छेड़े बिना कहा कि कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने हर घर में नौकरी, किसानों को कर्ज मुक्त, नौजवानों को स्मार्ट फोन, बुजुर्गों को 2500 रुपए पैंशन देने का वायदा किया था परन्तु वह इनसे भाग रहे हैं परन्तु उन्हें इन वायदों से भागने नहीं दिया जाएगा। कैप्टन सरकार के विरुद्ध वायदा खिलाफी को लेकर आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने वालंटियरों को एक बार फिर बलिदान देने के लिए तैयार रहने को कहा। उन्होंने कहा कि हमें आज गुरु अर्जुन देव जी के शहादी दिवस पर उनके जीवन से कुछ सीखने का प्रण करना चाहिए।
केजरीवाल ने देरी से पंजाब आने पर माफी मांगते हुए कहा कि दिल्ली में नगर निगम के चुनावों और अन्य व्यस्तताओं के कारण वह यहां नहीं आ सके। उन्होंने यह भी माना कि पार्टी में कुछ खामियां रह गई हैं जिनके कारण पार्टी को पंजाब विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने हार को भी परमात्मा की बख्शीश बताया। उन्होंने बूथ प्रधानों को शक्तिशाली बताते हुए कहा कि अगर कोई भी बूथ इंचार्ज अपने विधायक की शिकायत करेगा तो वह खुद उस विधायक से पूछताछ करेंगे।
विपक्ष-पक्ष के नेता एच.एस. फूलका और आम आदमी पार्टी की पंजाब इकाई के सह प्रधान अमन अरोड़ा ने कहा कि कल आए 12वीं के परिणामों में दिल्ली के सरकारी स्कूलों का नतीजा 88 प्रतिशत रहा है जबकि पंजाब के स्कूलों का नतीजा 57 प्रतिशत रहा है जो बताता है कि पंजाब के सरकारी स्कूलों में शिक्षा का क्या स्तर है।
आप जीती, हारा तो शिअद है, कांग्रेस सरकार सुपर फ्लॉप : भगवंत
भगवंत मान ने ऐलान किया कि बूथ स्तर तक प्रधान बनाए जाएंगे और किसी भी निराश वालंटियर को घर नहीं बैठने दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी हारी नहीं जीती है। हारा अकाली दल है जिस के 15 एम.एल.ए. रह गए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार सुपर फ्लॉप साबित हुई है।