Edited By Punjab Kesari,Updated: 30 Oct, 2017 08:58 PM
पंजाब में कानून-व्यवस्था किस हद तक बिगड़ चुकी है इसकी मिसाल सोमवार को पंजाब में हुई बड़ी वारदातों से देखने को मिलती है। ...
जालंधर(गुरमिन्दर सिंह): पंजाब में कानून-व्यवस्था किस हद तक बिगड़ चुकी है इसकी मिसाल सोमवार को पंजाब में हुई बड़ी वारदातों से देखने को मिलती है। एक ओर जहां मालेरकोटला में दिन-दिहाड़े बुजुर्ग की हत्या कर दी गई, वहीं दूसरी ओर अमृतसर में हिन्दू संघर्ष समिति के नेता विपन शर्मा का सरेआम भरे बाजार में गोलियां मार कर कत्ल कर दिया गया।
पहली घटना मालेरकोटला की है जहां गांव बुर्ज में दिन-दिहाड़े ड्यूटी पर जा रहे शिक्षक संघ के नेता हरकीरत सिंह का सरेआम बदमाशों ने गोलियां मार कर कत्ल कर दिया। 5 गोलियां लगने के कारण अध्यापक हरकीरत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पत्नी अकाली दल की सरपंच है। फिलहाल इस कत्ल के पीछे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
दूसरी घटना जगराओं के प्रीत विहार इलाके में घटी। यहां पंजाबी अखबार के पत्रकार की पत्नी पर अज्ञात व्यक्तियों ने चाकुओं के साथ हमला कर दिया। दिन-दिहाड़े घटी इस घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। प्रीत विहार इलाके में पंजाबी अखबार के पत्रकार सुखदेव गर्ग के घर 2 अज्ञात व्यक्ति आए जिन्होंने अदालत में से आने की बात कह कर दरवाजा खटखटाया, जैसे ही पत्रकार सुखदेव गर्ग की पत्नी काजल गर्ग ने दरवाजा खोला तो हमलावरों ने उस पर चाकुओं से हमला कर दिया। चाकु लगने के कारण घायल हुई काजल गर्ग को गंभीर हालत में डी.एम.सी. अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
तीसरी घटना अमृतसर की है। बटाला रोड पर हिन्दू संघर्ष समिति के नेता विपन शर्मा का सरेआम भरे बाजार में गोलियां मार कर कत्ल कर दिया गया। हमलावरों ने विपन शर्मा को लगातार 5 गोलियां मारी जिस कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। कत्ल की यह सारी घटना नजदीक लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे में कैद हो गई।
चौथी वारदात तरनतारन के विधानसभा हलका पट्टी की है। पट्टी के सिविल अस्पताल में नशा छुड़ाओ केंद्र के बाहर हमलावरों ने एक नौजवान को सरेआम गोलियां मार दी। सिर और पेट में गोली लगने के कारण घायल नौजवान को अमृतसर रैफर किया गया जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।