Edited By Punjab Kesari,Updated: 10 Jan, 2018 03:22 PM
बाल सुधार गृह में सजा काट रहे दो युवक फरार हो गए। एक की उम्र 16 व दूसरे की 17 साल बताई जा रही है।
लुधियानाः (स्याल): शिमलापुरी स्थित ऑब्जर्वेशन होम से बुधवार तड़के करीब 3.30 बजे एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को धत्ता बताते हुए फिल्मी स्टाइल में 2 हवालाती फरार हो गए। दोनों ने ऑब्जर्वेशन की पहली मंजिल पर बने कमरे (बैरक)
की ग्रिल तोड़ी तथा वहां लटकती बिजली की तारों के सहारे भाग निकले। इनमें हवालाती विशाल (15) और जसवंत सिंह उर्फ विक्की (17) शामिल हैं, जोकि जनवरी 2018 में ही ऑब्जर्वेशन होम आए थे।
सूचना मिलते ही ऑब्जर्वेशन होम के सुपरिंटैंडैंट राज कुमार मौके पर पहुंचे तथा उच्चाधिकारियों सहित पुलिस को सूचित किया। एस.डी.एम. दमनजीत सिंह मान मौके पर पहुंचे और होम के अधिकारियों व पुलिस टीम सहित घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने रात्रि ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों तथा वहां रह रहे अन्य बंदियों से पूछताछ की। दोनों के खिलाफ शिमलापुरी थाना में केस दर्ज कर लिया गया है। थाना प्रभारी इंस्पैक्टर मोहम्मद जमील ने बताया कि टीमें गठित करके छापामारी की जा रही है। साथ ही उक्त दोनों के घरों पर पुलिस की गुप्त टीमें नजर रख रही हैं। पंजाब के सभी पुलिस थानों को इस संबंध में सूचित कर दिया गया है।
बता दें कि 15 वर्षीय विशाल के खिलाफ पातड़ां थाना में चोरी का मामला दर्ज किया गया, जिसके बाद उसे 7 जनवरी को ऑब्जर्वेशन होम भेजा गया। वहीं जसवंत सिंह उर्फ विक्की (17) के खिलाफ भी चोरी का मामला थाना जमालपुर में दर्ज हुआ और उसे 5 जनवरी को जुवेनाइल होम भेजा गया।
कल भी बंदियों के भागने का मचा था शोर
एस.डी.एम. दमनजीत सिंह मान ने बताया कि 9 जनवरी को सुबह 2 बंदी दीवार पर बैठे थे। आसपास के लोगों ने समझा के वे भागने की फिराक में हैं और शोर मचा दिया। इस पर सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत मौके का जायजा लिया परंतु कोई ऐसा वाक्या सामने नहीं आया। उन्होंने बताया कि उक्त भागे दोनों बंदियों के संबंध में पुलिस को सूचित कर दिया गया है। अगर बंदियों को भगाने में किसी की संलिप्तता सामने आई तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।
रात्रि के समय 2 सुरक्षा कर्मी तैनात
ऑब्जर्वेशन होम में 69 के करीब बंदी हैं, जिनकी सुरक्षा के लिए रात्रि के समय 2 सुरक्षा कर्मी हाकम खान व जुगराज को ही तैनात किया गया था। हाकम खान ने बताया कि उसने तड़के जब उक्त दोनों बंदियों को भागते देखा तो शोर मचाया परंतु किसी ने नहीं सुना। ज्ञात रहे कि उक्त जुवेनाइल होम से मई 2015 में भी सुरक्षा व्यवस्था को धत्ता बताते हुए 4 बंदी फरार हो गए थे, जिनमें से अभी तक कुछ बंदी ट्रेस नहीं हो पाए हैं।
8 सी.सी.टी.वी. कैमरे खराब
वहीं सामने आया है कि ऑब्जर्वेशन होम में लगे करीब 8 सी.सी.टी.वी. कैमरे खराब होने के चलते बंद पड़े हैं। पूछने पर होम के एक अधिकारी ने बताया कि इस संबंध कई बार लिखित में उच्चाधिकारियों को दिया गया परंतु अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
उनकी कुछ दिन पहले ही मेरी यहां पोसिं्टग हुई है। उक्त घटना में सुरक्षा कर्मियों की नफरी कम होना बड़ा कारण है। मैं अपने स्तर पर इस मामले की गहनता से जांच कर रहा हूं।
- राज कुमार, सुपरिंटैंडैंट