Edited By Updated: 01 May, 2016 09:09 PM
पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने सतलुज यमुना लिंक नहर के मुद्दे पर....
मुक्तसर: पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने सतलुज यमुना लिंक नहर के मुद्दे पर आप और कांग्रेस के रूख को लेकर उन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि ये दोनों पार्टियां राज्य को उसके जल के वाजिब हिस्से से वंचित करने की योजना बना रही हैं। राज्य के जल को सुरक्षित करने के लिए लोगांे से अपील करते हुए उन्होंने दावा किया कि पंजाब को रेगिस्तान बनाने की योजना बनाई जा रही है और यदि कृषि क्षेत्र नष्ट हो गया तो राज्य पंगु हो जाएगा।
कांग्रेस और आप, दोनों ही पंजाब की शांति और समृद्धि के दुश्मन हैं और वे राज्य को उसके वाजिब हिस्से के जल से वंचित करना चाहती हैं। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह पंजाब से हरियाणा और राजस्थान जैसे राज्यों को अवैध रूप से जल मुहैया करा रही है जिनका इस पर कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने याद दिलाया कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने कपूरी गांव मंे सतलुज यमुना लिंक नहर की आधारशिला रखी थी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह ने इस कदम को लेकर उनकी सराहना की थी और यहां तक कि उन्हें उपहार में चांदी का एक फावड़ा और कटोरा दिया था। उन्होंने कहा कि अकाली दल ने उस वक्त एक रैली आयोजित की थी और तब से पंजाब के जल के हिस्से को लेकर लड़ाई लड़ी है। बादल ने आप पर प्रहार करते हुए कहा कि नए हलफनामे में सतलुज यमुना लिंक नहर का समर्थन किया गया है जिसे दिल्ली सरकार ने उच्चतम न्यायालय में दाखिल किया है। यह एक राजनीतिक छलावा है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का पंजाब विरोधी रूख प्रथम हलफनामे में प्रदर्शित हुआ है। बादल ने आरोप लगाया कि केजरीवाल के मन में हरियाणा के प्रति झुकाव है क्योंकि वह उसी राज्य से हैं। यही कारण है कि उनसे पंजाब का पक्ष लेने की उम्मीद करना बुद्धिमानी नहीं होगी। बादल ने यहां कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी का मुख्य मुद्दा शांति और सौहार्द होगा।