Edited By Punjab Kesari,Updated: 28 Feb, 2018 03:45 PM
जिला सैशन जज गुरबीर सिंह व सी.जे.एम. डा. गुरप्रीत ने आज ताजपुर रोड स्थित सैंट्रल जेल, ब्रोस्टल जेल व महिला जेल का दौरा करके कैदियों व हवालातियों की समस्याएं सुनीं। सैंट्रल जेल में कैदियों व हवालातियों ने सैशन जज को लिखित पत्र देकर अपने मामलों के साथ...
लुधियाना (स्याल): जिला सैशन जज गुरबीर सिंह व सी.जे.एम. डा. गुरप्रीत ने आज ताजपुर रोड स्थित सैंट्रल जेल, ब्रोस्टल जेल व महिला जेल का दौरा करके कैदियों व हवालातियों की समस्याएं सुनीं। सैंट्रल जेल में कैदियों व हवालातियों ने सैशन जज को लिखित पत्र देकर अपने मामलों के साथ अन्य समस्याएं भी बताईं। इस दौरान सभी बंदियों को जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी द्वारा नि:शुल्क दी जाने वाली कानूनी सहायता संबंधी जानकारी उपलब्ध करवाई गई।
बंदियों ने बैरकों में पानी की पूर्ति न होने संबंधी सैशन जज को अवगत करवाया, इस पर उन्होंने तुरंत जेल प्रशासन को इस समस्या का हल करने को कहा। इसके बाद सैशन जज व सी.जे.एम. ने जेल अस्पताल एवं नशा छुड़ाओ बैरक का भी दौरा किया। महिला जेल में कई बंदी महिलाओं ने जेल अधिकारियों द्वारा उनसे अभद्र भाषा का प्रयोग करने के आरोप लगाए। एक बंदी महिला ने सैशन जज को अपने हाथ पर लगी चोट का इलाज न करवाने की शिकायत की, साथ ही उन्हें परोसे जाने वाले भोजन से भी अवगत करवाया।
सैशन जज ने उक्त महिला के तुरंत इलाज का आदेश देकर रसोई घर का निरीक्षण किया। एन.डी.पी.एस. एक्ट के अंतर्गत बंद एक हवालाती महिला ने महिला जेल से ट्रांसफर हो चुकी महिला कर्मचारी पर रिश्वत मांगने के कथित आरोप लगाए। सैशन जज ने इस बंदी महिला के बयान कलमबद्ध करवाए। इस दौरान जेल के डिप्टी सुपरिंटैंडैंट मंजीत सिंह टिवाणा, महिला जेल सुपरिंटैंडैंट दमनजीत कौर वालिया, डिप्टी सुपरिंटैंडैंट चंचल कुमारी व ब्रोस्टल जेल के सुपरिंटैंडैंट मोहम्मद शरीफ आदि उपस्थित थे।