Edited By Updated: 12 Oct, 2016 12:12 PM
सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने प्रैस कान्फ्रैंस कर आरोप लगाया कि अकाली दल के वर्करों ने उन पर जान से मारने की नीयत से हमला किया
लुधियाना(राम): सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने प्रैस कान्फ्रैंस कर आरोप लगाया कि अकाली दल के वर्करों ने उन पर जान से मारने की नीयत से हमला किया, जबकि पुलिस मूकदर्शक बनते हुए सिर्फ एकतरफा कार्रवाई तक सीमित रही। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने खुल कर अकाली वर्करों की मदद की है।
दरअसल, दशहरे के उपलक्ष्य में कांग्रेस पार्टी द्वारा मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का पुतला फूंकने को लेकर बीती देर रात कांग्रेसियों व अकाली वर्करों के बीच हुई खूनी झड़प के बाद आज थाना मोती नगर में दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस मामला दर्ज किया गया है, जबकि पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस ने इसे सत्ता पक्ष की धक्केशाही व पुलिस की नाकामी करार देते हुए जिला पुलिस कमिश्नर को सस्पैंड करने की मांग की है।
पुलिस ने यहां यूथ अकाली दल मालवा जोन-3 के अध्यक्ष तरसेम सिंह भिंडर की शिकायत पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह गोगी सहित 6 कांग्रेसियों गोगी, पार्षद नरिंद्र शर्मा, यूथ कांग्रेस नेता परविंद्र सिंह लापर, गुरइकबाल सिंह होनी, उमेश शर्मा, गुरदीप सिंह अप्पू के खिलाफ हत्या के प्रयास के आरोप में आई.पी.सी. की धारा के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं जिला कांग्रेस अध्यक्ष गोगी की शिकायत पर तरसेम सिंह भिंडर, बलजिंद्र सिंह खालसा व सुखदेव सिंह के खिलाफ मारपीट के मामले को लेकर मामला दर्ज किया गया है।