Edited By Updated: 02 Jul, 2016 02:01 AM
गर्मियों की छुट्टियों के बाद शुक्रवार को एक महीने बाद स्कूलों में बच्चों के आने से चाहे स्थानीय गवर्नमैंट..
खन्ना(कमल, सुखविंद्र कौर): गर्मियों की छुट्टियों के बाद शुक्रवार को एक महीने बाद स्कूलों में बच्चों के आने से चाहे स्थानीय गवर्नमैंट कन्या सीनियर सैकेंडरी स्कूल में रौनकें लौट आई थीं परन्तु क्लासरूम में एक छात्रा पर अचानक छत वाला पंखा गिरने से स्कूल में एक बार सन्नाटा छा गया।
पंखा गिरने से छात्रा के होंठों पर कट लगने से वह खून से लथपथ हो गई जिसे स्कूल स्टाफ द्वारा तुरंत अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में लड़की के होंठ पर टांके लगाकर कुछ देर बाद उसे घर भेज दिया गया। घर जाकर बिगड़ी हालत, फिर लाए अस्पताल इस मामले में डाक्टरों और अध्यापकों की लापरवाही तब सामने आई जब जख्मी छात्रा की हालत दोबारा ज्यादा खराब होने लगी।
इसके बाद बच्ची के घरवालों ने शिवसेना पंजाब के सदस्यों से सम्पर्क किया और फिर शिवसेना के प्रधान चंद्रदेव सिंह, जिला चेयरमैन रामचन्द्र सिंह, जिला संगठन मंत्री धनंजय गुप्ता और जिला सर्कल प्रधान फूल सिंह लड़की को साथ लेकर अस्पताल पहुंचे और डाक्टरों से विनती की कि लड़की को अस्पताल में दाखिल करवाया जाए। इसके बाद डाक्टरों द्वारा आनन-फानन में लड़की का इलाज शुरू किया गया। प्रधान चन्द्रदेव सिंह ने कहा कि सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए समय-समय पर पंखों आदि उपकरणों की रिपेयर करवाई जानी चाहिए।